समाज कट्टरपंथ के प्रति सतर्क रहे, जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद मुक्त करें : सिन्हा
नरेश
- 01 Mar 2026, 07:44 PM
- Updated: 07:44 PM
(तस्वीर के साथ)
जम्मू, एक मार्च (भाषा) जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को समाज के हर वर्ग से युवाओं को कट्टरपंथी बनाने की कोशिश करने वाले और आतंकी तंत्र को बनाए रखने के प्रयास करने वाले तत्वों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
उन्होंने योग्यता के आधार पर चयन की बात भी की और आतंकवाद मुक्त जम्मू और कश्मीर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, ''पिछले कुछ वर्षों में शांति के क्षेत्र में हितधारकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है, और अब अधिकांश आबादी स्थिरता और समृद्धि को प्राथमिकता दे रही है।''
सिन्हा ने फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) द्वारा आयोजित 'आत्मनिर्भर भारत' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ''आज जम्मू-कश्मीर वंदे मातरम जैसे राष्ट्रीय एकता कार्यक्रमों में अग्रणी बनकर उभरा है। इस प्रगति को बाधित करने का सपना देखने वालों को नई वास्तविकता को स्वीकार करना होगा।''
इस अवसर पर उप राज्यपाल ने व्यापार रत्न सम्मान से लोगों को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा, ''समाज के हर वर्ग को उन तत्वों के प्रति सतर्क रहना चाहिए जो युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और आतंकी तंत्र को कायम रखने की कोशिश कर रहे हैं।''
सिन्हा ने गांवों और कस्बों में काम करने के तरीकों में क्रांति लाने, जीवन यापन को सुगम बनाने और व्यापार सुगमता के प्रयासों को रेखांकित किया और जम्मू-कश्मीर को एक वास्तविक बाजार शक्ति में स्थापित करने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा,''लघु एवं सूक्ष्म उद्यम (एमएसएमई) अब जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था का आधार हैं।… हमने युवाओं और महिलाओं के लिए नए अवसर सृजित किए हैं, हजारों लघु एवं सूक्ष्म विनिर्माण उद्यम शुरू किए हैं जो परिवारों का भरण-पोषण करते हैं तथा समाज को स्थिरता प्रदान करते हैं। ये केंद्रशासित प्रदेश के व्यावसायिक परिदृश्य को आकार दे रहे हैं।''
जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी किए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2019 के बाद हुए ऐतिहासिक बदलाव और क्रांतिकारी प्रगति ने औद्योगिक विकास और लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को नया आकार दिया है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश
0103 1944 जम्मू