देवूजी के आत्मसमर्पण से भाकपा (माओवादी) अब नेतृत्वहीन, लगभग बिखरी हुई स्थिति में : तेलंगाना डीजीपी
रंजन
- 24 Feb 2026, 09:25 PM
- Updated: 09:25 PM
हैदराबाद, 24 फरवरी (भाषा) तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि शीर्ष माओवादी कमांडर तिप्पिरी तिरुपति उर्फ देवूजी के आत्मसमर्पण के बाद प्रतिबंधित संगठन 'नेतृत्वहीन और लगभग बिखर चुका है'।
रेड्डी ने तेलंगाना के मूल निवासी देवूजी और उससे पहले प्रतिबंधित संगठन के तीन अन्य वरिष्ठ सदस्यों के आत्मसमर्पण के बाद यहां पत्रकारों को बताया कि तेलंगाना में नक्सली आंदोलन 'लगभग अपने अंत की ओर' है।
जब उनसे पूछा गया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का नेतृत्व कौन कर रहा है, तो पुलिस महानिदेशक ने बताया, "कोई भी पार्टी का नेतृत्व नहीं कर रहा है। यह लगभग बिखर चुकी है। देवूजी को महासचिव बनाया जाना था लेकिन आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी ने खुलासा किया कि भारी दमन के कारण केंद्रीय समिति की बैठक नहीं हो सकी।"
उन्होंने बताया, "चूंकि बैठक नहीं हो सकी इसलिए किसी को भी महासचिव नहीं चुना गया। आज की तारीख में माओवादी पार्टी नेतृत्वहीन, दिशाहीन और बिखरा हुआ है।"
मई 2025 में छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों द्वारा नामबाला केशव राव उर्फ बसवराजु को मार गिराये जाने के बाद देवुजी ने भाकपा (माओवादी) के महासचिव का पदभार संभाला था।
अधिकारी ने तेलंगाना में माओवादी आंदोलन के समाप्त होने की संभावना के बारे में पूछे गये एक सवाल के जवाब में बताया कि राज्य के 11 कार्यकर्ता अब भी भूमिगत हैं, जिनमें मुप्पला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि गणपति के अलावा शेष 10 कार्यकर्ताओं में से केवल एक या दो ही सक्रिय हैं।
रेड्डी ने बताया कि तेलंगाना पुलिस ने पहले ही सभी बचे हुए भूमिगत भाकपा (माओवादी) कार्यकर्ताओं से हथियार डालने और मुख्यधारा में शामिल होने का आग्रह किया है।
उन्होंने दोहराया, "भाकपा (माओवादी) पार्टी और आंदोलन में अब कुछ भी नहीं बचा है। तेलंगाना में गति पकड़ने वाला यह आंदोलन लगभग अपने अंत की ओर है। मैं उनसे फिर से सामने आकर आत्मसमर्पण करने की अपील करता हूं।"
पुलिस महानिदेशक ने गणपति के आत्मसमर्पण की संभावना के बारे में पूछे जाने पर बताया कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गणपति वन क्षेत्र में नहीं हैं और संभवतः किसी कस्बे या अन्य स्थान पर हैं।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन
2402 2125 हैदराबाद