उत्तराखंड में नैनीताल, उत्तरकाशी जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी
गोला
- 16 Feb 2026, 10:20 PM
- Updated: 10:20 PM
नैनीताल/ उत्तरकाशी, 16 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड में नैनीताल और उत्तरकाशी जिला न्यायालयों को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया, जिसके बाद अदालत परिसरों को खाली करवा कर तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नैनीताल पुलिस ने बताया कि नैनीताल जिला न्यायाधीश के आधिकारिक ई-मेल पर सुबह एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ जिसमें न्यायालय परिसर में विस्फोटक लगाए जाने का दावा करते हुए अपराह्न 12:15 बजे धमाका होने की चेतावनी दी गई। इस एक वाक्य के धमकी वाले संदेश में किसी व्यक्ति या संगठन द्वारा उसकी जिम्मेदारी नहीं ली गयी।
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता के मद्देनजर नैनीताल जिले में स्थित विभिन्न अदालत परिसरों-नैनीताल, हल्द्वानी और रामनगर को खाली करवा कर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्तों की संयुक्त टीमों ने गहन तलाशी अभियान चलाया और हर हिस्से की गहन तलाशी ली गयी।
पुलिस ने बताया कि अभी तक जांच में कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा कारणों से तलाशी अभियान फिलहाल जारी रहेगा।
इस संबंध में नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी ने बताया, ''धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद सभी न्यायालय परिसरों में एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के अनुसार व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया है। अभी तक की जांच में कहीं कुछ आपत्तिजनक नहीं मिला है और आम जनमानस को इसे लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है।''
उन्होंने कहा कि इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और ई-मेल का स्रोत जानने के लिए 'आईपी एड्रेस' का पता लगाया जा रहा है। मंजूनाथ ने कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उधर, उत्तरकाशी जिला न्यायालय को भी इसी तरह का एक धमकी भरा ईमेल मिला जिसके बाद पुलिस ने जिला न्यायाधीश गुरुबख्श सिंह सहित सभी अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को बाहर निकालकर पूरे अदालत परिसर की तलाशी ली ।
उत्तरकाशी नगर कोतवाल भावना कैंथोला ने कहा कि परिसर में आरडीएक्स विस्फोटक होने की सूचना मिलने के बाद पूरे अदालत परिसर को खाली करवा कर तलाशी ली गयी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है ।
भाषा सं दीप्ति गोला
गोला
1602 2220 नैनीताल