अय्यप्पा संगमम लेखा परीक्षा को लेकर कांग्रेस ने केरल सरकार पर साधा निशाना
प्रशांत
- 14 Feb 2026, 08:53 PM
- Updated: 08:53 PM
तिरुवनंतपुरम, 14 फरवरी (भाषा) केरल में विपक्षी कांग्रेस ने शनिवार को हाल ही में आयोजित ग्लोबल अय्यप्पा संगमम की 'लेखा परीक्षा रिपोर्ट' को लेकर राज्य सरकार पर अपना हमला तेज कर दिया और आरोप लगाया कि यह शबरिमला में हुई ''सोने की चोरी'' की ही एक कड़ी है।
शबरिमला श्री अय्यप्पा मंदिर का प्रबंधन करने वाले त्रावणकोर देवास्वओम बोर्ड (टीडीबी) की 75 वीं वर्षगांठ समारोह के हिस्से के रूप में पिछले साल पंबा में संगमम का आयोजन किया गया था।
के.सी. वेणुगोपाल, रमेश चेन्निथला और वी.डी. सतीशन सहित कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ कड़ा विरोध जताया तथा आरोप लगाया कि वह अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकती।
राज्य के देवस्वओम मंत्री वी. एन. वासवन ने हालांकि कहा कि संगमम के संचालन में कोई अनियमितता नहीं थी और टीडीबी द्वारा इस कार्यक्रम के लिए अग्रिम भुगतान की गई राशि विधिवत वापस कर दी गई थी।
मलप्पुरम में एक प्रेसवार्ता के दौरान विपक्ष के नेता सतीशन ने कहा कि उच्च न्यायालय ने अलग खाते रखने के बार-बार निर्देश दिए लेकिन इसके बावजूद करोड़ों रुपये की हेराफेरी की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि वैश्विक अय्यप्पा संगमम में ''अनियमितताएं'' शबरिमला में हुई ''सोने की चोरी'' की ही अगली कड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि कथित धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद देवस्वओम मंत्री अब इस मामले से अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले 'फ्लेक्स बोर्ड' लगाकर और जनसंपर्क कार्य करके अय्यप्पा संगमम से राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास करने वाले लोग अब कहीं नजर नहीं आ रहे हैं।
सतीशन ने कहा कि विधानसभा में देवस्वओम मंत्री द्वारा दिए गए आंकड़े कथित धोखाधड़ी को सही ठहराते हैं, जबकि उच्च न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए आंकड़े उनका खंडन करते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा, ''क्या भगवान अय्यप्पा के नाम पर इस तरह की धोखाधड़ी की जानी चाहिए?''
वासवन ने कोट्टायम में पत्रकारों से कहा, ''कार्यक्रम के लिए अग्रिम रूप से दिए गए कुल तीन करोड़ रुपये देवस्वओम बोर्ड द्वारा 17 अक्टूबर को पूरी तरह से वसूल कर लिए गए थे। यह रिकॉर्ड में दर्ज है और कोई भी इसकी पुष्टि कर सकता है।''
मंत्री ने यह भी कहा कि रमेश चेन्निथला और के सी वेणुगोपाल सहित नेताओं को इस मामले के संबंध में दिए गए अपने बयानों के लिए जनता से माफी मांगनी होगी।
यह टिप्पणी केरल उच्च न्यायालय द्वारा संगमम की लेखा परीक्षा रिपोर्ट में ''कई मुद्दे और गंभीर विसंगतियां'' पाए जाने के दो दिन बाद आई है।
भाषा यासिर प्रशांत
प्रशांत
1402 2053 तिरुवनंतपुरम