बीआरएस नगर निकाय चुनावों में सरकार की नाकामियों को उजागर करने में विफल रहा : कविता
रंजन
- 14 Feb 2026, 08:51 PM
- Updated: 08:51 PM
हैदराबाद, 14 फरवरी (भाषा) तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष के कविता ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) कांग्रेस सरकार की कमियों को उजागर करने में "पूरी तरह विफल" रही है, जिसके परिणामस्वरूप सत्तारूढ़ पार्टी को हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों में बेहतर परिणाम मिले।
कविता ने दावा किया कि विश्वसनीय विकल्प के अभाव में लोगों ने कांग्रेस को वोट दिया।
उन्होंने बताया कि बीआरएस कांग्रेस सरकार द्वारा कस्बों के विकास के संबंध में उठाए गए कदमों पर सवाल तक नहीं उठा रही है।
कविता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने चुनावी वादों में से किसी को भी पूरा नहीं किया है और दावा किया कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने नियमों का उल्लंघन करते हुए चुनाव से पहले प्रचार के लिए सरकारी धन का इस्तेमाल किया।
उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार विधानसभा के आगामी बजट सत्र के दौरान अपने वादों को पूरा करने के लिए कदम उठाए।
केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार द्वारा तेलंगाना के विकास के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध न कराने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा करीमनगर को छोड़कर किसी भी नगर निकाय में महापौर का पद हासिल करने की स्थिति में नहीं है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "मुझे विश्वास है कि चुनाव परिणामों ने साबित कर दिया है कि लोग हम जैसे बढ़िया एजेंडे वाले उम्मीदवारों का स्वागत जरूर करेंगे।"
उन्होंने यह भी दावा किया कि बीआरएस और भाजपा भविष्य में गठबंधन कर सकते हैं।
रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार को एक बड़ी सफलता मिली है क्योंकि तेलंगाना में कांग्रेस ने 11 फरवरी को 116 नगरपालिकाओं और सात नगर निगमों के चुनावों में शानदार जीत दर्ज की, वहीं बीआरएस और भाजपा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कविता को सितंबर 2025 में बीआरएस से निलंबित कर दिया गया था, जब उन्होंने अपने चचेरे भाइयों और पार्टी नेताओं टी हरीश राव और जे संतोष कुमार पर बीआरएस शासन के दौरान निर्मित कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना को लेकर अपने पिता और बीआरएस अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव की छवि "खराब" करने का आरोप लगाया था।
निलंबन के बाद से, वह तेलंगाना जागृति नामक अपने नेतृत्व वाले सांस्कृतिक संगठन के बैनर तले सार्वजनिक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं।
उन्होंने पिछले साल दिसंबर में यह भी घोषणा की थी कि उनका राजनीतिक मंच राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगा।
भाषा
राखी रंजन
रंजन
1402 2051 हैदराबाद