गुजरात सरकार ने बंजर उद्यानों को हरित क्षेत्र में बदलने के लिए 117 करोड़ रुपये आवंटित किए
अविनाश
- 13 Feb 2026, 08:57 PM
- Updated: 08:57 PM
अहमदाबाद, 13 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साल 2021 में शुरू किए गए 'अटल कायाकल्प एवं शहरी परिवर्तन मिशन 2.0' (अमृत 2.0) के तहत गुजरात के शहरी क्षेत्रों में 117.56 करोड़ रुपये की लागत से कुल 131 उद्यानों का कायाकल्प किया जा रहा है। शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के मुताबिक, 70 उद्यानों में काम पूरा हो चुका है, जबकि बाकी 61 उद्यानों में कायाकल्प संबंधी प्रयास जारी हैं।
इसमें कहा गया है, "प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक अक्टूबर 2021 को 'अमृत 2.0' मिशन शुरू किया गया था, जिसका मकसद जल संसाधनों का पुनरुद्धार करना, गैर-राजस्व जल (एनआरडब्ल्यू) में कमी लाना और उपचारित अपजल के पुन: इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।"
'एनआरडब्ल्यू' वह उपचारित पेयजल है, जो आपूर्ति प्रणाली में रिसाव, चोरी या मीटर संबंधी विसंगतियों के कारण ग्राहकों तक पहुंचने से पहले ही "बर्बाद" हो जाता है।
बयान के अनुसार, 'अमृत 2.0' मिशन शहरों में लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए अच्छी तरह से विकसित हरित स्थानों और पार्कों के निर्माण को समान महत्व देता है।
इसमें कहा गया है कि मिशन के तहत गुजरात की कई नगरपालिकाओं में बंजर पार्कों को हरित स्थानों में तब्दील किया जा रहा है।
बयान में कहा गया है कि गुजरात के अमरेली जिले की लाठी नगरपालिका में स्थित भवानी उद्यान का कायाकल्प किया जा चुका है, जिससे यह विकसित उद्यान में बदल गया है।
इसमें कहा गया है, "भवानी उद्यान धीरे-धीरे बंजर भूमि में तब्दील हो गया था और उपयोग में नहीं था। 'अमृत 2.0' मिशन के तहत, राज्य के शहरी विकास विभाग ने इसका पुनर्विकास किया। पुनर्विकास के तहत, मौजूदा पेड़ों को संरक्षित किया गया और प्रवासी एवं स्थानीय पक्षियों के लिए प्राकृतिक आवास प्रदान करने के वास्ते पूरे उद्यान में स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए।"
बयान में कहा गया है कि सभी आयु वर्ग के नागरिकों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस उद्यान में अब बगीचा, बच्चों के खेलने के लिए क्षेत्र, कसरत के लिए खुला जिम और योग एवं अन्य व्यायाम के लिए स्थान उपलब्ध हैं।
इसमें कहा गया है, "सौंदर्यीकरण के तहत, उद्यान में सफेद घोड़े की आकृति वाला फव्वारा लगाया गया है। 10,936.35 वर्ग मीटर में फैला और 1.26 करोड़ रुपये की लागत से विकसित भवानी गार्डन अब स्थानीय लोगों को मनोरंजन और पर्यावरण संबंधी लाभ प्रदान कर रहा है।"
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश
1302 2057 अहमदाबाद