देहरादून के एसएसपी समेत कई पुलिस अधिकारियों के तबादले
जोहेब
- 13 Feb 2026, 08:19 PM
- Updated: 08:19 PM
देहरादून, 13 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड में हाल के दिनों में हुईं आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर शुक्रवार को देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह समेत कई अधिकारियों का तबादला किया गया है।
राज्य के गृह विभाग के एक आदेश के अनुसार, हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को देहरादून का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है जबकि अजय सिंह को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का एसएसपी बनाया गया है।
आदेश के अनुसार एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह अब हरिद्वार के एसएसपी होंगे जबकि चंपावत के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय गणपति कुमार अब उधमसिंह नगर जिले के नए एसएसपी होंगे।
आदेश में कहा गया है कि कुमार, मणिकांत मिश्रा का स्थान लेंगे जिन्हें एसपी, अभिसूचना की जिम्मेदारी दी गयी है।
रुद्रप्रयाग के एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे को पिथौरागढ़ का एसपी नियुक्त किया गया है। वह रेखा यादव का स्थान लेंगे जिन्हें चंपावत का एसपी बनाया गया है ।
बागेश्वर के एसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के को अल्मोड़ा का एसएसपी बनाया गया है। घोड़के, देवेंद्र पींचा की जगह लेंगे जिन्हें रुद्रपुर में 31वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
निहारिका तोमर को रुद्रप्रयाग का एसपी जबकि जितेंद्र मेहरा को बागेश्वर का एसपी बनाया गया है।
प्रदेश में हाल के दिनों में सामने आईं आपराधिक घटनाओं पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है।
उन्होंने पहले भी कानून-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठकों में अधिकारियों को अपराधों को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए थे।
अधिकारियों ने बताया कि हाल में हुई घटनाओं के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपराध की रोकथाम के लिए केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई ही नहीं, बल्कि पूर्व-निवारक रणनीति भी मजबूत की जाए।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों का तबादला पुलिस व्यवस्था को और अधिक सक्रिय, जवाबदेह व प्रभावी बनाने के लिए किया गया है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मुखबिर तंत्र को मजबूत करने, अपराधियों में कानून का भय पैदा करने तथा आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर जोर दिया है।
केवल देहरादून शहर में ही 11 दिन में तीन लोगों की हत्या हुई है जबकि देहरादून जिले में इस दौरान पांच हत्याएं हुईं।
भाषा दीप्ति जोहेब
जोहेब
1302 2019 देहरादून