दिल्ली में पारा 25.1 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ा, वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब श्रेणी में
माधव
- 07 Feb 2026, 10:26 PM
- Updated: 10:26 PM
नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) दिल्ली में शनिवार को मौसम गर्म रहा तथा अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग दो डिग्री अधिक था, जबकि वायु गुणवत्ता 227 पर खराब श्रेणी में बनी रही।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग दो डिग्री अधिक है।
विभिन्न स्थानों से प्राप्त आंकड़ों से पता चला कि लोधी रोड में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक था।
सफदरजंग और आयानगर में अधिकतम तापमान क्रमशः 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 1.8 डिग्री और 1.2 डिग्री अधिक था।
रिज में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक था, जबकि पालम में 23.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम था।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो, सफदरजंग में 11.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था, जबकि लोधी रोड में 10.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक था।
पालम और आयानगर में न्यूनतम तापमान क्रमशः 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक और 0.5 डिग्री कम था, जबकि रिज में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था।
मौसम विभाग ने रविवार के लिए पूर्वानुमान लगाया है कि आसमान साफ रहेगा, हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध छाई रहेगी। दिल्ली में कल अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 22 से 24 डिग्री सेल्सियस और नौ से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
वायु गुणवत्ता की बात करें तो, शहर का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 227 रहा।
सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, शाम के समय 26 स्टेशन खराब श्रेणी में और 12 स्टेशन मध्यम श्रेणी में थे।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई 'अच्छा', 51 से 100 'संतोषजनक', 101 से 200 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'बेहद खराब' और 401 से 500 'गंभीर' माना जाता है।
वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, आठ फरवरी से 10 फरवरी तक वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रहने की संभावना है।
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता भी खराब श्रेणी में दर्ज की गई, जिसमें एक्यूआई 214 था।
भाषा तान्या माधव
माधव
0702 2226 दिल्ली