दिल्ली पुलिस के 'ऑपरेशन साइहॉक 3.0' के तहत 2500 से अधिक ठगों पर की गयी कार्रवाई
रंजन
- 07 Feb 2026, 07:10 PM
- Updated: 07:10 PM
नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने 'ऑपरेशन साइहॉक 3.0' के तहत खुफिया जानकारी के आधार पर कई राज्यों में साइबर ठगी नेटवर्क के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है, जिसमें 2,563 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और 627 करोड़ रुपये से अधिक के धोखाधड़ी मामलों को आपस में जोड़ा गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली तथा असम, अरुणाचल प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, पंजाब, हरियाणा और केरल समेत 10 से अधिक राज्यों में बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार समन्वित ढंग से अभियान चलाया गया जिसमें 5,000 से अधिक पुलिस कर्मियों ने भाग लिया।
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत 6,552 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया, जबकि 955 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया या उनपर सख्त पाबंदियां लगायी गयीं और 1,608 नोटिस जारी किए गए।
पुलिस ने बताया कि इस अभियान के दौरान कुल 299 नई प्राथमिकियां दर्ज की गईं और 262 पुराने मामलों को आपस में जोड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि इस अभियान में 'म्यूल' बैंक खाता संचालकों, सिम से जुड़े सुविधादाताओं, डिजिटल मध्यस्थों और वित्तीय माध्यमों को निशाना बनाया गया, जिनका कथित तौर पर निवेश घोटाले, नौकरी धोखाधड़ी और अन्य ऑनलाइन वित्तीय अपराधों जैसे साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल किया जाता था।
'म्यूल' ऐसे बैंक खाते होते हैं जिसका इस्तेमाल ठग खाताधारक की जानकारी से या जानकारी के बगैर, अवैध धनराशि प्राप्त करने, अंतरित करने या उसे वैध बनाने के लिए करते हैं।
इस कार्रवाई के दौरान, पुलिस ने बड़ी मात्रा में डिजिटल उपकरण, सिम कार्ड, नकदी, सोना और अन्य कीमती धातुएं जब्त कीं। उसने धोखाधड़ी के मामलों से जुड़े क्रिप्टोकरेंसी संबंधी कमाई की भी पहचान की।
इस अभियान के दौरान कई बड़े अंतरराज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ हुआ। एक मामले में, पुलिस ने 22 लाख रुपये नकद, विदेशी मुद्रा और 1.8 किलोग्राम से अधिक वजन के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए, जबकि दूसरे मामले में एक निवेश धोखाधड़ी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया, जिसने कथित तौर पर 9.28 करोड़ रुपये से अधिक की रकम फर्जी खातों के माध्यम से लेन-देन की और यह 84 साइबर शिकायतों से जुड़ा था।
पुलिस ने बताया कि एक अलग अभियान में, आरोपियों के ठिकाने असम और तवांग में होने का पता चला, जिसके परिणामस्वरूप कई मोबाइल उपकरण जब्त किए गए और लगभग 30 लाख रुपये मूल्य की क्रिप्टोकरेंसी को 'फ्रीज' कर दिया गया।
दिल्ली के पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने कहा कि 'ऑपरेशन साइहॉक' साइबर धोखाधड़ी के समर्थक संगठित तंत्र को बाधित करने के लिए एक सतत रणनीति को दर्शाता है जिसमें इसके वित्तीय और डिजिटल बुनियादी ढांचे को लक्षित किया जाता है। भाषा राजकुमार रंजन
रंजन
0702 1910 दिल्ली