रास में आप सदस्य स्वाति मालीवाल ने सरकारी अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने की मांग की
अविनाश
- 02 Feb 2026, 02:51 PM
- Updated: 02:51 PM
नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) इलाज की जरूरत कभी न कभी हर व्यक्ति को होने और निजी अस्पतालों में महंगे इलाज का मुद्दा सोमवार को राज्यसभा में उठाते हुए आम आदमी पार्टी सदस्य स्वाति मालीवाल ने सरकारी अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने की मांग की।
शून्यकाल में स्वाति मालीवाल ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि अगर आज मरीज किसी निजी अस्पताल की इमरजेंसी में जाता है तो उसका बहुत कुछ खत्म हो जाता है।
उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में पहले पूछा जाता है कि 'मेडिक्लेम' है या नहीं। और 'मेडिक्लेम' होने का पता चलते ही निजी अस्पतालों की मनमानी शुरू हो जाती है।
स्वाति ने कहा कि 'डायग्नोस्टिक टेस्ट' जरूरी हो सकते हैं लेकिन इन्हें बढ़ा-चढ़ा कर लिखा जाता है और मरीज को अतिरिक्त राशि खर्च करना पड़ता है। इतना ही नहीं, जेनेरिक दवाओं की जगह दूसरी महंगी दवाएं लिखी जाती हैं।
उन्होंने दावा किया कि ''क्लीनिकल स्टेब्लिशमेंट एक्ट'' को केवल 12 राज्यों ने ही अपनाया, यहां तक कि दिल्ली सरकार ने भी इसे लागू नहीं किया है जबकि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण कानून है।
आप सदस्य ने कहा कि मेडिकल बीमा का प्रीमियम इतना अधिक होता है कि लोग भारी प्रीमियम देकर भी इसे छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भी ध्यान देने योग्य है कि बीमा कंपनियां छोटी-छोटी बातों को लेकर बीमा दावा खारिज कर देती हैं।
उन्होंने कहा कि इलाज की जरूरत हर व्यक्ति को कभी न कभी होती है और सरकार को आम लोगों से जुड़ी इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने पर जोर देना चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस की सुष्मिता देव ने कहा कि अदालतों में लंबित मामलों की बड़ी संख्या और न्याय मिलने में विलंब को देखते हुए त्वरित अदालतों की स्थापना पर जोर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि असम की बराक वैली में गौहाटी उच्च न्यायालय की एक पीठ स्थापित की जानी चाहिए।
शिवसेना (उबाठा) की प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि कहीं भी मॉल आदि में खरीदारी करने पर वहां भुगतान के समय क्रेता का मोबाइल फोन नंबर पूछा जाता है और मोबाइल नंबर देने के बाद अनचाहे फोन कॉल आने लगते हैं।
प्रियंका ने कहा ''ऐसा खतरनाक हो सकता है क्योंकि हमारा मोबाइल नंबर लेने के साथ ही हमारा डेटा भी हैक होने की आशंका बढ़ जाती है।
भाजपा के सतपाल शर्मा ने 'कैंटोनबोर्ड' में चुनाव कराए जाने की मांग की।
कांग्रेस के प्रमोद तिवारी ने महाराष्ट्र के एक रासायनिक संयंत्र का मुद्दा उठाया। वहीं भाजपा के अमरपाल मौर्य ने राम सर्किट का मुद्दा उठाया।
भाषा मनीषा अविनाश
अविनाश
0202 1451 संसद