यह बजट प्रधानमंत्री मोदी में लोगों के अटूट भरोसे को दर्शाता है: भाजपा अध्यक्ष नवीन
नेत्रपाल
- 01 Feb 2026, 06:14 PM
- Updated: 06:14 PM
नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को कहा कि रविवार को संसद में पेश केंद्रीय बजट भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक अगला कदम है, साथ ही गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं समेत समाज के हर वर्ग की भलाई सुनिश्चित करता है।
नवीन ने कहा, ''यह बजट पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लोगों के अटूट भरोसे को दिखाता है। प्रधानमंत्री का 'सबका साथ, सबका विकास' का सिद्धांत इस बजट के हर पहलू में साफ दिखता है।''
उन्होंने कहा कि 2026-27 का बजट भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार की नीतियों और सुशासन की निरंतरता को साफ तौर पर दिखाता है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद में नौवीं बार बजट पेश किया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''यह बजट 2047 तक विकसित भारत के सपनों को पूरा करने की दिशा में एक कदम आगे है, साथ ही गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं समेत समाज के हर वर्ग की भलाई सुनिश्चित करता है।''
उन्होंने कहा, ''मैं पूरे दिल से बजट का स्वागत करता हूं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवीं बार देश का बजट पेश किया है, यह भारत सरकार की नीति और सुशासन की निरंतरता को साफ दिखाता है।''
नवीन ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद, जिस तरह से भारत की अर्थव्यवस्था लगभग सात प्रतिशत की दर से बढ़ रही है, उससे संकेत मिलता है कि देश के जीएसपी और जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) लगातार मजबूत हो रहे हैं, जबकि महंगाई को नियंत्रण में रखा गया है।
उन्होंने कहा, ''यह एक सोच-समझकर बनाया गया बजट है, जो सबको साथ लेकर चलने वाली तरक्की में भरोसा दिखाता है और यह साफ तौर पर दिखाता है कि सरकार का शिक्षा और अवसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं को मजबूत करने का इरादा है।''
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह ''युवा केंद्रित बजट'' भी है क्योंकि यह उनके लिए रोजगार के नए मौके पैदा करेगा।
उन्होंने कहा, ''सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये और बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ रुपये के जरिए बनाई गई मजबूत समर्थन प्रणाली साफ तौर पर दिखाती है कि सरकार रोजगार के नए मौके पैदा करने पर कितना गंभीर है।''
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बजट में महात्मा गांधी के 'ग्राम स्वराज' के दृष्टिकोण को भी साफ तौर पर दिखाया गया है।
उन्होंने कहा, ''इससे हमारे कारीगरों और छोटे कुटीर उद्योगों को फ़ायदा होगा तथा ग्रामीण इलाकों में रोजगार मजबूत होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के साथ तालमेल बिठाते हुए पर्यटन और सांस्कृतिक केंद्रों के विकास में भी सरकार के लगातार प्रयास साफ दिखते हैं।''
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''मैं परिवहन क्षेत्र के लिए बजट में राशि बढ़ाने हेतु प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भी बधाई देता हूं। इसी तरह, रक्षा के लिए 7.8 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान साफ दिखाता है कि देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।''
नवीन ने कहा कि बजट समाज के हर तबके को विकास और तरक्की में शामिल करने के ''साफ इरादे'' को दिखाता है। उन्होंने कहा कि चाहे युवा हों, महिलाएं हों, मध्यम वर्ग के लोग हों या समाज का कोई और तबका, बजट में सभी के लिए साफ दिशा है और संसाधन दिए गए हैं।
भाषा वैभव नेत्रपाल
नेत्रपाल
0102 1814 दिल्ली