केंद्रीय बजट से गुजरात के विनिर्माण और औद्योगिक क्षेत्र को मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन : भूपेंद्र पटेल
प्रशांत
- 01 Feb 2026, 05:28 PM
- Updated: 05:28 PM
अहमदाबाद, एक फरवरी (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट का स्वागत करते हुए रविवार को कहा कि इसमें घोषित रियायतों से राज्य के विनिर्माण क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी।
एक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाता है और सुधारों के केंद्र में आम जनता को रखा गया है।
पटेल ने कहा कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) पर विशेष ध्यान दिए जाने से छोटे और सूक्ष्म उद्योगों को बड़ा लाभ होगा।
उन्होंने कहा, "विनिर्माण उद्योगों के लिए घोषित रियायत गुजरात के विनिर्माण क्षेत्र को और गति देंगे।"
पूर्वी भारत के डानकुनि से गुजरात के सूरत तक समर्पित माल ढुलाई गलियारे की घोषणा का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे गुजरात से जुड़े व्यापार, उद्योग और विनिर्माण गतिविधियों के लिए तेज और बेहतर रसद सेवाएं उपलब्ध होंगी।
पटेल ने कहा कि वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने के लिए घोषित छह योजनाओं से गुजरात के वस्त्र क्षेत्र को उल्लेखनीय लाभ होगा।
शहरी विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात नगर निगम बॉण्ड जारी करने में देश में अग्रणी रहा है और बजट में नगर निगम बॉण्ड के लिए घोषित प्रोत्साहनों से राज्य को लाभ होगा।
पटेल ने जामनगर में वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा केंद्र के उन्नयन की घोषणा को वैश्विक स्तर पर पारंपरिक चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई देते हुए पटेल ने कहा कि बजट प्रस्ताव समावेशी विकास और विभिन्न क्षेत्रों में संतुलित प्रगति के प्रति सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
पटेल ने 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र के तहत समाज के हर वर्ग को शामिल करने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा, "कुल मिलाकर यह बजट सर्वसमावेशी है और समाज के हर वर्ग को छूता है। यह एक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लिए समग्र विकास, कल्याण और सामूहिक भागीदारी को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।''
भाषा
खारी प्रशांत
प्रशांत
0102 1728 अहमदाबाद