ममता अजित पवार की मृत्यु पर घटिया राजनीति कर रही हैं, उन्होंने मानवता खो दी है : भाजपा
सुरेश
- 28 Jan 2026, 09:21 PM
- Updated: 09:21 PM
नयी दिल्ली, 28 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता के शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए, तब वह ''ओछी राजनीति'' कर रही हैं।
पश्चिम बंगाल में चुनाव के लिए भाजपा के सह-प्रभारी बिप्लब देव ने 'पीटीआई वीडियो' को बताया, ''उन्होंने (ममता बनर्जी ने) मानवता खो दी है।''
बनर्जी ने बुधवार को विमान दुर्घटना में अजित पवार की मौत की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच की मांग की और आरोप लगाया कि ''अन्य सभी एजेंसियों'' की ''निष्पक्षता पूरी तरह खत्म'' हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा तंत्रों के माध्यम से सच्चाई सामने नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि केवल उच्चतम न्यायालय की देखरेख में की गई जांच ही विश्वसनीय होगी।
बनर्जी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री देव ने कहा, ''यह राजनीति करने का समय नहीं है, बल्कि अजित पवार के शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े होने का समय है।''
भाजपा नेता ने कहा कि अजित पवार के परिवार, जिसमें शरद पवार और सुप्रिया सुले भी शामिल हैं, ने ''ऐसा कुछ भी नहीं कहा है। वे ऐसी घटिया राजनीति नहीं कर रहे हैं।''
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने बुधवार को कहा कि अजित पवार और चार अन्य लोगों को ले जा रहे विमान का दुर्घटनाग्रस्त होना एक हादसा था और इसे राजनीतिक रंग न दिया जाए।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित मालवीय ने तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष बनर्जी द्वारा अजित पवार की मौत पर की गई टिप्पणियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा, ''बनर्जी को पवार के दुर्भाग्यपूर्ण निधन पर असंवेदनशील टिप्पणी करने के बजाय पश्चिम बंगाल में अग्निकांड पीड़ितों के परिवारों को न्याय और समय पर राहत सुनिश्चित करने पर ध्यान देना चाहिए।''
कोलकाता के नजीराबाद में 25-26 जनवरी की दरमियानी रात दो गोदामों में आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई थी।
ममता बनर्जी की आलोचना करते हुए भाजपा की असम इकाई के अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने उन पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया और उनसे इस तरह की राजनीति बंद करने की मांग की।
उन्होंने 'पीटीआई वीडियो' से कहा, ''आज आया उनका (ममता) बयान पूरी तरह से भ्रामक और राजनीतिक रूप से प्रेरित है। मैं ममता बनर्जी से अनुरोध करता हूं कि वह इस तरह के बयान देकर लोगों को गुमराह करना बंद करें।''
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश
2801 2121 दिल्ली