मोदी, शाह समेत देशभर के नेताओं ने विमान दुर्घटना में अजित पवार की मृत्यु पर शोक जताया
सुरेश
- 28 Jan 2026, 04:03 PM
- Updated: 04:03 PM
नयी दिल्ली, 28 जनवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत तमाम नेताओं ने बुधवार को विमान हादसे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख अजित पवार की मृत्यु पर गहरा शोक जताया।
अधिकारियों के अनुसार, पुणे जिले में बुधवार सुबह विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब राकांपा नेता पवार (66) और अन्य लोगों को ले जा रहा विमान बारामती इलाके में उतर रहा था।
प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर कहा, ''अजित पवार जननेता थे और उनका जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव था। महाराष्ट्र की जनता की सेवा में वह हमेशा समर्पित रहे और एक परिश्रमी नेता के रूप में उनका व्यापक सम्मान था।''
उन्होंने कहा, ''प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ तथा गरीबों एवं वंचितों को सशक्त बनाने के प्रति उनका समर्पण भी उल्लेखनीय था। उनकी असामयिक मृत्यु से बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। उनके परिवार और उनके असंख्य समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।"
शाह ने कहा कि पवार की मृत्यु न केवल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) परिवार, बल्कि उनके लिए भी एक ''व्यक्तिगत क्षति'' है।
उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''आज एक दुखद हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं राजग के हमारे वरिष्ठ साथी अजित पवार जी को खो देने की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है।''
उन्होंने कहा, ''अजित पवार ने बीते साढ़े तीन दशकों में जिस प्रकार महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। वह जब भी मिलते थे, महाराष्ट्र की जनता के कल्याण संबंधी अनेक विषयों पर लंबी चर्चा करते थे। उनका जाना राजग परिवार के साथ ही मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है।''
शाह ने कहा, ''मैं पवार परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। शोक की इस घड़ी में पूरा राजग शोक-संतप्त पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ओम शांति शांति शांति।''
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ''महाराष्ट्र के माननीय उपमुख्यमंत्री अजित पवार जी की एक दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में असामयिक मौत की खबर अत्यंत पीड़ादायक एवं स्तब्ध कर देने वाली है। उनका जाना भारतीय राजनीति विशेष रूप से महाराष्ट्र के लिए, एक अपूरणीय क्षति है।''
उन्होंने कहा, ''शोकाकुल परिजनों एवं उनके समर्थकों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकसंतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहनने की शक्ति और संबल प्रदान करें।''
पवार की मृत्यु पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शोक प्रकट करते हुए 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आज सुबह एक विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत से मैं बहुत दुखी हूं।''
उन्होंने कहा, ''राज्य के विकास और शासन में पवार के योगदान की अमिट छाप रहेगी, जिन्होंने अपना जीवन जनसेवा और जन कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ओम शांति।"
असम से कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने 'एक्स' पर लिखा, "आज बारामती में हुए दुखद विमान हादसे में अजित पवार की मृत्यु से मैं बहुत दुखी हूं। उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और महाराष्ट्र के लिए किए गए कामों ने राज्य की राजनीति पर अमिट छाप छोड़ी है।"
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी 'एक्स' पर अपने शोक संदेश में कहा, ''महाराष्ट्र के बारामती में विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत अन्य लोगों की आकस्मिक मौत का अत्यंत हृदयविदारक समाचार मिला। अजित की आकस्मिक मृत्यु महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।''
उन्होंने कहा, ''मरांग बुरु दिवंगत अजित तथा अन्य लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को दुख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें।''
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत पर शोक व्यक्त किया। सिद्धरमैया ने कहा, ''महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत से मैं अत्यंत व्यथित हूं। उनकी मौत जनजीवन के लिए एक अपार क्षति है। उनकी आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति मिले।''
शिवकुमार ने कहा, ''महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार की विमान हादसे में असामयिक मौत से मैं स्तब्ध और बेहद दुखी हूं। उनकी आकस्मिक मृत्यु महाराष्ट्र की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है, जहां उन्होंने अनुभव और दृढ़ संकल्प के साथ सेवा की।''
केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने भी पवार की मौत पर शोक व्यक्त किया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ''आज सुबह विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की आकस्मिक मौत से मैं स्तब्ध और बहुत दुखी हूं। मैं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।''
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी पवार की आकस्मिक मौत पर दुख जताया है। साय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार जी समेत अन्य लोगों की आकस्मिक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है।''
साय ने कहा, ''अजित पवार का सम्पूर्ण जीवन कृषक कल्याण, जनसेवा और देश के विकास के लिए समर्पित रहा। उनका असमय देहावसान न केवल उनके परिजनों एवं समर्थकों के लिए, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।''
पवार की मृत्यु पर शोक प्रकट करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने सोशल मीडिया पर लिखा, "इस हादसे की भयावहता को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। मैं इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिवारों और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(शप) के अध्यक्ष शरद पवार तथा बारामती लोकसभा सीट से सांसद सुप्रिया सुले के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"
ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और अन्य लोगों को ले जा रहे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से मैं बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं विमान में दुर्घटना में मृत सभी लोगों के परिवारों के साथ हैं। मैं उनके प्रियजनों के लिए इस दुख की घड़ी में शक्ति और धैर्य की प्रार्थना करता हूं।"
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि यह खबर ''बेहद दुखद और ह्दयविदारक'' है। उन्होंने कहा, ''पवार एक ऊर्जावान नेता और समर्पित जनसेवक थे। दुख की इस घड़ी में, मैं शोक संतप्त परिवार, सहकर्मियों और महाराष्ट्र की जनता के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं भगवान श्री जगन्नाथ जी से प्रार्थना करता हूं कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।''
पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि वह ''बारामती के पास विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और उनके सह-यात्रियों की मृत्यु के बारे में जानकर स्तब्ध और दुखी हैं।''
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और अन्य लोगों की मृत्यु की खबर से मैं बेहद स्तब्ध और दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। दिवंगत आत्माओं को शांति मिले।''
सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने भी पवार की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया।
माथुर ने 'फेसबुक' पर पोस्ट कर कहा, ''विमान दुर्घटना में अजित पवार की असामयिक मौत बेहद दुखद है। पवार परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।''
मुख्यमंत्री तमांग ने कहा, ''पवार की मौत से मैं स्तब्ध और दुखी हूं। उनका दुनिया छोड़कर जाना महाराष्ट्र के लोगों और उनके परिचितों और सम्मान देने वाले सभी लोगों के लिए एक बड़ी क्षति है।''
नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने पवार की मृत्यु पर शोक जताते हुए कहा, ''अजित पवार की असामयिक मौत की खबर ह्दयविदारक है। वह महाराष्ट्र के एक महान सपूत थे, जिन्होंने ईमानदारी से राज्य की तकदीर बदलने की कोशिश की। दिवंगत नेता का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। अल्लाह की मर्जी के आगे किसी का बस नहीं चलता। वह चुनाव की तैयारियों के लिए पुणे जा रहे थे, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया। उनकी मौत केवल पवार परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है।''
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी पवार की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया।
केरल लोक भवन की ओर से जारी एक बयान में आर्लेकर ने कहा, "मैं उनके परिवार, सहयोगियों और महाराष्ट्र की जनता के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।"
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार की मृत्यु की खबर से मैं बहुत दुखी हूं। महाराष्ट्र के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार, उनके सहयोगियों और महाराष्ट्र की जनता के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।''
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''अजित पवार साहब की असमय मृत्यु की खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं। मैं उन्हें अपने कॉलेज के दिनों से जानता हूं, जब मैं बॉम्बे में शरद पवार साहब और उनके परिवार के साथ रहता था। अजित दा एक कुशल प्रशासक और बेहतरीन राजनीतिक संगठनकर्ता थे, जिनकी कमी बहुत महसूस की जाएगी।"
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि अजित पवार की असामयिक मृत्यु देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने पवार के परिजनों, महाराष्ट्र सरकार और राज्य की जनता के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने अजित पवार को कर्मठ नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व की पहचान साहसिक फैसले लेने से थी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने 'फेसबुक' पोस्ट पर कहा, ''सुबह-सुबह ऐसी खबर सुनना बेहद पीड़ादायक है।'' उन्होंने अजित पवार को अपना वर्षों पुराना करीबी मित्र बताया, जिनसे उनका गहरा व्यक्तिगत संबंध था।
उन्होंने याद किया कि उनकी दोस्ती भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के अध्यक्ष रहने के दिनों में शुरू हुई थी और आगे चलकर दोनों के राजनीतिक जीवन के अलग-अलग दौरों में भी दोस्ती बनी रही।
चेन्निथला ने कहा कि जब कांग्रेस ने उन्हें महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया, तब उन्हें अजित पवार के साथ काम करने के कई मौके मिले। चेन्निथला ने लिखा, "राजनीतिक मतभेद होने के बावजूद हमारी दोस्ती में कभी कोई कड़वाहट नहीं आई।''
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "महाराष्ट्र के बारामती में उपमुख्यमंत्री अजित पवार को ले जा रहे विमान के उतरते समय दुर्घटना की खबरें सामने आई हैं। धुएं और तबाही की तस्वीरें बेहद दुखद हैं। बताया गया है कि इस हादसे में उपमुख्यमंत्री और अन्य लोगों की मौत हो गई है।"
उन्होंने कहा, "हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम प्रार्थना करते हैं कि भगवान दिवंगत आत्माओं को शांति दें और उनके परिवारों को यह बड़ा दुख सहने की शक्ति दें।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, ''महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिजनों, सहयोगियों एवं समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करें।''
आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, ''महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे में राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार जी समेत अन्य लोगों की मृत्यु की खबर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।''
उन्होंने कहा, ''परमात्मा मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करें एवं उनके परिजनों एवं शुभचिंतकों को इस दुख की घड़ी में साहस दें।''
भाषा खारी सुरेश
सुरेश
2801 1603 दिल्ली