चोरला घाट लूट मामले में ठोस सबूत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी : बेलगावी के पुलिस अधीक्षक
प्रशांत
- 25 Jan 2026, 09:38 PM
- Updated: 09:38 PM
बेंगलुरु/बेलगावी, 25 जनवरी (भाषा) बेलगावी के पुलिस अधीक्षक के. रामराजन ने रविवार को कहा कि चोरला घाट में कथित तौर पर हुई 400 करोड़ रुपये की लूट के संबंध में जिला पुलिस को अभी तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है और औपचारिक शिकायत के अभाव में कर्नाटक में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र की नासिक पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और उसने मामला दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
रामराजन ने बताया कि यह मामला उस वक्त सामने आया, जब बेलगावी पुलिस को नासिक जिले में दर्ज अपहरण और मारपीट के मामले में हुई गिरफ्तारियों के संबंध में महाराष्ट्र पुलिस से सूचना मिली।
उन्होंने पत्रकारों को बताया, ''16 जनवरी को हमें नासिक जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का पत्र मिला, जिसमें बेलगावी जिले के चोरला घाट में हुई लूट की सूचना दी गई थी।''
नासिक पुलिस ने जानकारी दी कि संदीप दत्ता पाटिल का कथित तौर पर 22 अक्टूबर को चार लोगों के एक समूह ने अपहरण कर लिया, उनके साथ मारपीट की और बाद में उन्हें मुक्त कर दिया। आरोप है कि 400 करोड़ रुपये की लूट की गई थी।
सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि पैसा दो ट्रकों में था और उसमें 2,000 रुपये के पुराने नोट थे, जो अब चलन में नहीं हैं।
उन्होंने कहा, ''हमने लूट की घटना की जांच के लिए पुलिस अधिकारियों की एक टीम नासिक यह पता लगाने के लिए भेजी की कि क्या वास्तव में ऐसी कोई घटना हुई है।''
रामराजन ने कहा, ''कोई भी सबूत, चश्मदीद गवाह या इस लूट का शिकार कोई भी व्यक्ति हमसे संपर्क कर सकता है। हम प्राथमिकी दर्ज करने के लिए तैयार हैं। सुनी-सुनाई बातों के आधार पर हम प्राथमिकी दर्ज नहीं कर सकते।''
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि उन्होंने नासिक ग्रामीण क्षेत्र के अपने समकक्ष को औपचारिक रूप से पत्र लिखकर विशिष्ट विवरण और सबूत मांगे हैं, जिसमें कहा गया है कि अब तक साझा की गई जानकारी काफी हद तक ''सुनी-सुनाई'' प्रकृति की है और इसमें आपराधिक कार्यवाही शुरू करने के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण विवरण का अभाव है।
रामराजन ने कहा, ''अगर महाराष्ट्र पुलिस को हमारे सहयोग की जरूरत है, तो हम सहयोग देने के लिए तैयार हैं। वैसे भी, हम पूरी तरह पारदर्शी हैं और महाराष्ट्र पुलिस के साथ सहयोग करने के लिए तत्पर हैं।''
महाराष्ट्र के नासिक जिले में पुलिस ने संदीप दत्ता पाटिल के अपहरण और मारपीट के सिलसिले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह घटना 400 करोड़ रुपये मूल्य के 2,000 रुपये के नोट से भरे एक कंटेनर से जुड़े दावों से संबंधित है।
बेंगलुरु में संवाददाताओं से बात करते हुए कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि उन्होंने इस घटना के बारे में और अधिक जानकारी मांगी है।
परमेश्वर ने कहा, ''मैंने पुलिस से और अधिक जानकारी मांगी है। जांच अभी शुरुआती चरण में है और अभी तक पूरी जानकारी नहीं मिली है। हमें देखना होगा कि कर्नाटक पुलिस की जांच में कितनी भूमिका होनी चाहिए।''
भाषा सुभाष प्रशांत
प्रशांत
2501 2138 बेंगलुरु