अंतरराज्यीय साइबर अपराध गिरोह की मदद करने का आरोपी निशानेबाज गिरफ्तार
पारुल
- 25 Jan 2026, 08:46 PM
- Updated: 08:46 PM
नयी दिल्ली, 25 जनवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज को एक अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह से संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया है, जिसने शहर के एक निवासी से कथित तौर पर 40 लाख रुपये से अधिक की ठगी की थी। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान हिमांशु चौहान के रूप में हुई है और वह उत्तर प्रदेश के आगरा का निवासी है। उन्होंने बताया कि चौहान को कई राज्यों में लगातार तकनीकी और वित्तीय निगरानी के बाद अपराध शाखा ने गिरफ्तार कर लिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "चौहान ने कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय शूटिंग स्पर्धाओं में पदक जीते हैं। उसने गिरोह के लिए 'म्यूल' बैंक खातों की व्यवस्था करके साइबर अपराध की गतिविधियों में सहयोग किया, जिनका इस्तेमाल धोखाधड़ी से प्राप्त धन को अंतरित करने के लिए किया गया था।"
'म्यूल' खाते ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल अपराधी, खाताधारक की जानकारी से या जानकारी के बगैर, अवैध धन प्राप्त करने, अंतरित करने या उसे वैध बनाने के लिए करते हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला जून 2025 में उत्तर-पश्चिम दिल्ली के साइबर प्रकोष्ठ थाने में दर्ज एक ई-प्राथमिकी से जुड़ा हुआ है, जिसमें शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उससे फर्जी ऑनलाइन गेमिंग मंच, शेयरों की खरीद-बिक्री में धोखाधड़ी और आईपीओ निवेश योजनाओं के माध्यम से 40.27 लाख रुपये ठगे गए थे।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित को कथित तौर पर आईएमपीएस, एनईएफटी और यूपीआई के माध्यम से पैसे अंतरित करने के लिए कहा गया था।
अधिकारी ने कहा, "बैंक लेन-देन के विश्लेषण से पता चला कि एक ही दिन में गिरोह से जुड़े एक 'म्यूल' खाते में आठ लाख रुपये जमा किए गए थे। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल से सामने आया कि इसी बैंक खाते के खिलाफ बेंगलुरु और मुंबई में कम से कम 40 शिकायतें और दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जिससे पता चलता है कि यह गिरोह पूरे देश में फैला हुआ है।"
पुलिस ने बताया कि चौहान के सहयोगी का पता लगाने और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा
शुभम पारुल
पारुल
2501 2046 दिल्ली