हिंदी सिनेमा में नये मानक स्थापित होंगे: 'अस्सी' के लेखक सदस्य गौरव सोलंकी
माधव
- 23 Jan 2026, 10:09 PM
- Updated: 10:09 PM
(बेदिका)
नयी दिल्ली, 23 जनवरी (भाषा) निर्देशक अनुभव सिन्हा की नयी फिल्म 'अस्सी' के निर्माण से जुड़े लोगों में सबसे अधिक मेहनताना पाने वाले लेखक गौरव सोलंकी ने कहा कि यह बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था और इससे हिंदी सिनेमा में एक नया मानक स्थापित होगा।
'अस्सी' के निर्माताओं ने यह तथ्य इस हफ्ते सोशल मीडिया पर जारी फिल्म के पहले पोस्टर में सार्वजनिक किया। उन्होंने पोस्टर की टैगलाइन में लिखा, "आप मानें या न मानें, लेकिन 'अस्सी' के लिए सबसे ज्यादा मेहनताना पाने वाला फिल्म यूनिट का सदस्य कोई और नहीं, बल्कि इसके लेखक (गौरव सोलंकी) हैं।"
सोलंकी ने बताया कि उन्हें अपने मेहनताने के बारे में, जो फिल्म के सितारों से भी ज्यादा है, हाल ही में पता चला। हालांकि, उन्होंने सटीक राशि का खुलासा नहीं किया।
सोलंकी ने 'पीटीआई-भाषा' के साथ साक्षात्कार में कहा, "मेरा मानना है कि इससे हिंदी सिनेमा में एक नया मानक स्थापित हुआ है और मुझे खुशी और गर्व है कि ऐसा हुआ है। यह सिर्फ मेहनताने की बात नहीं है, बल्कि उस सम्मान की बात है, जो लंबे समय से लंबित था। इसलिए यह निश्चित रूप से पूरे लेखक समुदाय के लिए एक अच्छी बात है, क्योंकि पटकथा ही फिल्म की रीढ़ होती है।"
उन्होंने कहा, "चाहे वह बड़े बजट की कोई फिल्म हो या कम बजट वाली फिल्म, सभी की शुरुआत एक सादे सफेद कागज पर लिखी कहानी से होती है। इसलिए एक तरह से, हम इस फिल्म के माध्यम से यह संदेश देना चाहते हैं कि लेखकों और पटकथा को वह सम्मान मिलना चाहिए, जिसके वे हकदार हैं, कम से कम विषय-आधारित सिनेमा में।"
'अस्सी' एक 'कोर्टरूम ड्रामा' है, जिसमें तापसी पन्नू, कनी कुसरुति, रेवती, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा, जीशान अय्यूब अहम किरदारों में नजर आएंगे, जबकि नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा भार्गव विशेष भूमिका में दिखाई देंगे। यह फिल्म 20 फरवरी को रिलीज होगी।
सोलंकी ने बताया कि फिल्म की कहानी काम के प्रति जुनूनी एक महिला पर हुए हमले और उससे उसके जीवन पर पड़ने वाले असर के बारे में है।
उन्होंने कहा, "यह फिल्म आरोपियों और साजिशकर्ताओं के जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव तथा न्याय व्यवस्था की कार्यप्रणाली का भी विश्लेषण करती है। 'अस्सी' एक खोजी थ्रिलर और उससे जुड़ा 'कोर्टरूम ड्रामा' है।"
राजस्थान के संगारिया में पले-बढ़े सोलंकी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की से स्नातक डिग्री धारी हैं। उनका परिवार चाहता था कि वह सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करें, लेकिन सोलंकी हमेशा से जानते थे कि लेखन ही उनका असली जुनून है।
सोलंकी को पहली बार 2014 में अनुराग कश्यप निर्देशित 'अग्ली' के गाने लिखने का मौका मिला। उन्होंने सुधीर मिश्रा के साथ "दास देव" पर भी काम किया और 2021 में आई विवादित वेब सीरीज "तांडव" की पटकथा लिखी।
भाषा पारुल माधव
माधव
2301 2209 दिल्ली