पंजाब और हरियाणा में बारिश से सूखे का दौर खत्म, किसानों के खिले चेहरे, जनजीवन प्रभावित
नरेश
- 23 Jan 2026, 08:16 PM
- Updated: 08:16 PM
चंडीगढ़, 23 जनवरी (भाषा) पंजाब और हरियाणा में शुक्रवार को हुई व्यापक वर्षा के साथ ही लंबे समय से चला आ रहा सूखे का दौर खत्म हो गया। इससे किसानों के चेहरे तो खिल गए लेकिन कुछ इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
कुछ स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं जिससे कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही।
थाना प्रभारी (एसएचओ) मनिंदर सिंह ने बताया कि भारी बारिश के बीच मनीमाजरा में एक घर की छत ढहने से 16, 15 और 11 वर्षीय तीन लड़के घायल हो गए।
एसएचओ ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ने की भी कुछ घटनाएं सामने आईं। एक बड़ा पेड़ एक बुजुर्ग दंपत्ति के घर के बरामदे में गिर गया। हालांकि वे बाल-बाल बच गए।
एक अन्य घटना में, भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण एक पेड़ के गिरने से दो कार और कुछ बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए।
इसी बीच, शुक्रवार को भारी बारिश के दौरान चंडीगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) में 'फॉल्स सीलिंग' का एक हिस्सा गिर गया।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दासारी हरीश ने फोन पर बताया, "इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और मरम्मत का काम तुरंत पूरा कर लिया गया"।
पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में भारी यातायात जाम की भी खबर मिली। कई दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई और कई स्थानों पर यह सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
दोनों राज्यों के अधिकतर हिस्सों और उनकी संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में बृहस्पतिवार देर रात से ही मौसम खराब बना हुआ है।
स्थानीय मौसम कार्यालय के अनुसार, पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, बठिंडा, फरीदकोट, गुरदासपुर, मानसा और रूपनगर में बारिश हुई। वहीं, चंडीगढ़ में भी भारी बारिश दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
हरियाणा के अंबाला, हिसार, करनाल, नारनौल, रोहतक, भिवानी, सिरसा और सोनीपत में भी बारिश हुई।
किसानों ने लंबे समय से चले आ रहे सूखे के इस दौर को खत्म करने वाली बारिश का स्वागत किया है।
मोहाली के एक किसान गुरनाम सिंह ने कहा, 'मानसून खत्म होने के बाद हमें बारिश का कोई अच्छा दौर देखने को नहीं मिला था। आज की यह बारिश फसलों के लिए बहुत फायदेमंद होगी। हमारी एकमात्र चिंता तेज हवाओं को लेकर है'।
लुधियाना स्थित पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) में जलवायु परिवर्तन एवं कृषि मौसम विज्ञान विभाग की प्रमुख डॉ. पवनीत कौर किंगरा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि यह बारिश गेहूं सहित रबी की फसलों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगी।
उन्होंने कहा, 'रबी मौसम में पहले ज्यादा बारिश नहीं हुई थी, इस लिहाज से यह बारिश फसलों को जरूरी नमी प्रदान करेगी।"
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री, हिसार में 12.3 डिग्री, अंबाला में 12 डिग्री, गुरुग्राम में 13.5 डिग्री और सिरसा में 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री, पटियाला में 12 डिग्री, पठानकोट में 11.4 डिग्री, बठिंडा में 11 डिग्री और फरीदकोट में 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश
2301 2016 चंडीगढ़