फर्जी राजनयिक नंबर प्लेट वाली एसयूवी चलाने के आरोप में महिला गिरफ्तार
नरेश
- 23 Jan 2026, 06:38 PM
- Updated: 06:38 PM
नयी दिल्ली, 23 जनवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने राष्ट्रीय राजधानी के उच्च सुरक्षा वाले इलाकों में फर्जी राजनयिक नंबर प्लेट वाली एसयूवी चलाने के आरोप में 45 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने इस गिरफ्तारी को गणतंत्र दिवस समारोह से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बड़ी सफलता बताया है।
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, यह गिरफ्तारी विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर की गई कि एक महिला फर्जी राजनयिक नंबर प्लेट वाले वाहन के जरिये अक्सर विभिन्न दूतावासों और संवेदनशील राजनयिक क्षेत्रों का दौरा कर रही है।
बयान के अनुसार, 15 जनवरी को वसंत विहार इलाके में पुलिस की एक टीम ने संबंधित एसयूवी (टोयोटा इनोवा) को रोका और वाहन की तलाशी ली, जिसमें विदेशी दूतावासों की ओर से इस्तेमाल की जाने वाली नंबर प्लेट से मिलती-जुलती एक और फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई।
पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) संजीव कुमार यादव ने बताया कि महिला ने शुरू में खुद को एक विदेशी दूतावास की प्रतिनिधि बताया, हालांकि वह न तो दूतावास का नाम बता सकी और न ही वाहन के लिए कोई वैध राजनयिक या स्वामित्व दस्तावेज पेश कर सकी।
उन्होंने बताया कि महिला को पूछताछ के लिए सनलाइट कॉलोनी स्थित अपराध शाखा कार्यालय ले जाया गया।
यादव के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह गुवाहाटी की रहने वाली है और उसने नवंबर 2024 में एक विदेशी दूतावास से एसयूवी खरीदी थी, लेकिन उसे अपने नाम पर पंजीकृत नहीं करा पाई थी।
यादव के अनुसार, महिला ने कहा कि पुलिस जांच से बचने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में आसानी से आने-जाने के लिए उसने असली नंबर प्लेट को फर्जी नंबर प्लेट से बदल दिया था।
यादव ने बताया कि महिला ने दावा किया कि वह पिछले चार वर्षों से एक राजनीतिक दल की अखिल भारतीय सचिव के रूप में कार्यरत है और उसने 2023 व 2024 के बीच एक विदेशी दूतावास में सलाहकार के रूप में भी काम किया था।
अधिकारी के मुताबिक, महिला ने पुलिस को बताया कि उसने मेघालय के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में स्पोर्ट्स गाइड के रूप में काम किया है और वर्तमान में प्रवेश चाहने वाले अफ्रीकी छात्रों के लिए परामर्श कार्य में लगी हुई है।
यादव ने बताया कि पुलिस ने एसयूवी, दो फर्जी नंबर प्लेट, एक मोबाइल फोन और वाहन का बिक्री दस्तावेज जब्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
भाषा पारुल नरेश
नरेश
2301 1838 दिल्ली