ओडिशा के बालासोर में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या के मामले में तीन लोग गिरफ्तार
शुभम प्रशांत
- 16 Jan 2026, 11:50 PM
- Updated: 11:50 PM
बालासोर, 16 जनवरी (भाषा) ओडिशा पुलिस ने राज्य में मवेशियों की तस्करी में शामिल होने के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या में कथित रूप से शामिल तीन लोगों को बालासोर जिले से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इस घटना पर राजनीतिक दलों के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और राज्य की भाजपा सरकार को "धार्मिक असहिष्णुता" के मामले बढ़ने के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
बालासोर सदर क्षेत्र के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) शुभ्रांशु शेखर नायक ने कहा कि घटना बुधवार को हुई।
उन्होंने बताया कि पहले सड़क दुर्घटना की शिकायत दर्ज कराई गई और बाद में पीड़ित के भाई ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि अस्तिया गांव के एसके मकंदर मोहम्मद (35) की भीड़ के हमले में मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि बालासोर सदर थाने में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
एसडीपीओ ने 'पीटीआई भाषा' को बताया, "हमने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जिन्हें बृहस्पतिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने हमले में शामिल अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए अभियान शुरू किया है।"
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(2) (भीड़ द्वारा हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
राज्य के दो दिवसीय दौरे पर आए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना पर कहा, "भाजपा का एजेंडा सांप्रदायिक है। जब भी वह अपने चुनावी घोषणापत्र के वादों को पूरा करने में कमजोर पड़ती है या विफल होती है तो सांप्रदायिक रास्ता अपनाती है।"
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने एक पोस्ट में कहा, "बालासोर में मवेशी को ले जाने को लेकर गौ रक्षकों द्वारा 35 वर्षीय मुस्लिम व्यक्ति की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करना ओडिशा में कानून व्यवस्था का घोर पतन है। किसी भी आरोप से भीड़ के शासन या स्वघोषित न्याय को वैधता नहीं दी जा सकती। संदेह के नाम पर किसी की जान लेना अपराध है, न्याय नहीं। सरकार को कड़ी जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए और कानून के शासन को तत्काल मजबूत करना चाहिए।"
इस घटना पर भाजपा नेताओं की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पुलिस के मुताबिक, मवेशियों की तस्करी के शक में 35 वर्षीय एक व्यक्ति पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। उसने बताया कि बाद में बालासोर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उस व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतक के परिजनों द्वारा दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, मृतक मकंदर मोहम्मद एक ‘पिक-अप वैन’ में सहायक के रूप में काम करता था। 14 जनवरी को जब वाहन सदर थाना क्षेत्र के सहादा गांव के पास जा रहा था तभी धारदार हथियारों से लैस कुछ लोगों ने मवेशियों से भरी वैन को रोककर चालक और सहायक पर हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि हमले में चालक और सहायक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मोहम्मद की उसी दिन अस्पताल में मौत हो गई।
पुलिस ने मवेशियों को बचाया और उन्हें मां भारती गौशाला में छोड़ दिया।
भाषा
शुभम