दिल्ली के जैतपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या, पांच नाबालिग समेत आठ पकड़े
राखी पवनेश
- 16 Jan 2026, 10:31 PM
- Updated: 10:31 PM
नयी दिल्ली, 16 जनवरी (भाषा) दिल्ली के जैतपुर इलाके में एक युवक की चाकू घोपकर हत्या कर दी गई। युवक द्वारा अपने दोस्त और युवाओं के एक समूह के बीच लड़की से जुड़े विवाद में कथित तौर पर दखल देने की कोशिश पर यह घटना हुई। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना बृहस्पतिवार देर रात उस समय घटी जब युवक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुए विवाद के बाद सुलह बैठक के लिए दूसरे समूह से मिलने गया था।
पुलिस को रात 11 बजकर 18 मिनट पर सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को तीन व्यक्ति घायल अवस्था में मिले जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से एक कृष्णा साहू (21) के सीने, कंधे और पीठ पर कई जगह चाकू से वार किए गए थे जिसे एम्स ट्रॉमा सेंटर में मृत लाया गया घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि घायल सनी (21) को पेट और जांघ में चोटें आईं जिनका इलाज किया जा रहा था, तथा प्रिंस (19) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह झड़प एक आपसी परिचित से जुड़े व्यक्तिगत विवाद के कारण हुई। विवाद तब शुरू हुआ जब आरोपियों में शामिल दीपक ने प्रिंस को निशाना बनाते हुए सोशल मीडिया पर कई पोस्ट की।
पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों ने मामले को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए मिलने पर सहमति जताई थी लेकिन बैठक के दौरान कहासुनी हो गई और आरोपी चाकू से हमला कर फरार हो गए।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “अब तक हमने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और पांच नाबालिगों को पकड़ा है। आरोपियों में से एक की पहचान दीपक कुमार (22) के रूप में हुई है, जिसे मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक बताया जा रहा है और उसी ने कथित तौर पर झगड़े की शुरुआत की थी। इसके अलावा, आशीष (24) की पहचान हमले के दौरान धारदार हथियार का इस्तेमाल करने वाले आरोपी के रूप में की गई है, जबकि नीरज कुमार ने सहायता सामग्री प्रदान की और समूह को एक स्थान पर एकत्र करने में मदद की।”
पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 109(1) (हत्या का प्रयास), 118(1) (खतरनाक हथियारों से स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 126(2) (गलत तरीके से रोकना) और 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने यह भी बताया कि उन्होंने अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया है और घटना से जुड़े बाकी लोगों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
इस बीच, पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों में से एक दीपक कुमार, 15 वर्षीय लड़की को पसंद करता था और वह प्रिंस की दोस्त थी।
सूत्र ने बताया, "दीपक प्रिंस से सोशल मीडिया मंचों पर गाली-गलौज करता था। प्रिंस ने इस मामले पर अपने दोस्तों और यहां तक कि कुमार से भी बात की। उन्होंने आपसी सहमति से मामले को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए पार्क में मिलने का फैसला किया। मृतक साहू के मित्र प्रिंस ने उसे चर्चा में शामिल होने के लिए कहा और वे पार्क पहुंच गए।"
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों ने मामले को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए मिलने पर सहमति जताई थी लेकिन बैठक के दौरान कहासुनी हो गई और आरोपी चाकू से हमला कर फरार हो गए।
फॉरेंसिक विशेषज्ञों और अपराध जांच टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया तथा पुलिस ने संदिग्धों की पहचान करने के लिए आसपास की सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया।
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर 24 वर्षीय ग्राफिक डिजाइनर आशीष और 17 वर्षीय एक नाबालिग को पकड़ लिया।
इसने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
मृतक के पिता शिवकुमार ने बताया कि उनका बेटा रात करीब 10 बजे फोन पर बात करने के बाद तीन दोस्तों के साथ घर से निकला था।
उन्होंने कहा, “हमें नहीं पता कि वहां क्या हुआ। हम अपने बेटे की हत्या करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहते हैं।”
भाषा
राखी