दिल्ली पुलिस ने अपहृत बच्चे को बचाया, आरोपी महिला सहित दो गिरफ्तार
प्रचेता दिलीप
- 16 Jan 2026, 05:18 PM
- Updated: 05:18 PM
नयी दिल्ली, 16 जनवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अपहृत पांच वर्षीय एक बच्चे को बचा लिया है और इस सिलसिले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर बच्चे को कोलकाता में बेचने की योजना बना रहे थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान बिहार के खगड़िया जिले के रंजीत शाह उर्फ नीरज बेलदार (29) और काजल (29) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने आसानी से पैसे कमाने के लालच में बच्चे का अपहरण किया था। काजल ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने रंजीत शाह के साथ मिलकर यह साजिश रची थी कि वे बच्चे के माता-पिता होने का झूठा दावा कर उसे एक लाख रुपये में बेच देंगे।
पुलिस के अनुसार, अपहरण के बाद आरोपी पटना और फिर कोलकाता गए, जहां उन्होंने बच्चे को बेचने की कोशिश की, लेकिन सौदा नहीं हो पाया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को उनकी आगे की यात्रा के दौरान बच्चे को बेचने की कोशिश करते समय गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, नौ जनवरी को पांच वर्षीय असद को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के शकूरपुर स्थित उसके घर से अगवा कर लिया गया था। असद के पिता मोहम्मद शाहिद (38) की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
अधिकारी ने बताया कि मामले को सुलझाने के लिए तीन टीम का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पुलिस को एक संदिग्ध महिला बच्चे के साथ दिखाई दी, जो बार-बार फोन कर रही थी।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने उस व्यक्ति की पहचान की, जिसके संपर्क में संदिग्ध महिला थी। वह व्यक्ति रंजीत शाह था। अधिकारी ने बताया कि तकनीकी निगरानी के माध्यम से पुलिस को शाह की बिहार के खगड़िया में मौजूदगी का पता चला।
उन्होंने बताया कि खगड़िया भेजी गई पुलिस की एक टीम ने रंजीत शाह को चलती बस से पकड़ लिया। इस बीच, उसके ‘कॉल डिटेल रिकॉर्ड’ और तकनीकी जानकारी के आधार पर पता चला कि महिला, बच्चे के साथ ट्रेन से सफर कर रही है।
इसके बाद, एक टीम को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन भेजा गया, जहां पता चला कि महिला और बच्चा वैशाली एक्सप्रेस में सवार हैं।
पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के टूण्डला रेलवे स्टेशन पर एक समन्वित अभियान के तहत महिला को पकड़ लिया गया और बच्चे को सकुशल छुड़ा लिया गया।
अधिकारी ने कहा कि यह सफल अभियान सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, तकनीकी निगरानी और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार व पश्चिम बंगाल के बीच अंतरराज्यीय समन्वय के निरंतर प्रयासों का परिणाम था।
भाषा
प्रचेता