प्रधानमंत्री मोदी, स्टालिन ने तिरुवल्लुवर को श्रद्धांजलि अर्पित की
गोला मनीषा
- 16 Jan 2026, 03:29 PM
- Updated: 03:29 PM
चेन्नई, 16 जनवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने शुक्रवार को तिरुवल्लुवर दिवस के अवसर पर तमिल संत-कवि तिरुवल्लुवर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज तिरुवल्लुवर दिवस पर बहुमुखी प्रतिभा के धनी तमिल संत-कवि तिरुवल्लुवर को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिनके कार्यों और आदर्शों से अनगिनत लोग प्रेरित होते हैं। वह एक ऐसे समाज में विश्वास करते थे जो सामंजस्यपूर्ण और करुणामय हो। वह तमिल संस्कृति के सर्वश्रेष्ठ स्वरूप का प्रतीक हैं।’’
मोदी ने लोगों से ‘‘तिरुक्कुरल’’ पढ़ने का आग्रह किया, जो तिरुवल्लुवर की ‘‘असाधारण बुद्धिमत्ता’’ की झलक देती है।
प्रधानमंत्री ने कन्याकुमारी में तिरुवल्लुवर प्रतिमा के दर्शन और संत कवि की प्रार्थना करने के वीडियो भी साझा किए।
राज्यपाल रवि ने अपने आधिकारिक आवास लोक भवन में स्थापित तिरुवल्लुवर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पुष्पांजलि अर्पित की।
रवि ने कहा, ‘‘पूर्ण श्रद्धा के साथ राष्ट्र संत तिरुवल्लुवर को नमन करता है, जिनकी गहन बुद्धिमत्ता ने सदियों से भारत की नैतिक और आध्यात्मिक चेतना को आकार दिया है। तिरुक्कुरल, भारतीय विरासत का एक कालातीत तमिल खजाना है, जो समय, समाज और परिस्थितियों से परे है, तथा सनातन धर्म के शाश्वत लोकाचार में दृढ़ता से निहित है।’’
मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि तिरुवल्लुवर द्वारा बताए गए चार गुण साहस, उदारता, ज्ञान और दृढ़ता उनके शासन की नींव हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तिरुवल्लुवर दिवस के अवसर पर मैं यह प्रतिज्ञा लेता हूं कि (तिरुवल्लुवर द्वारा बताए गए) ये चार गुण - साहस, उदारता, ज्ञान और ऊर्जा, तमिलनाडु में निरंतर कायम रहेंगे।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, ‘‘तिरुवल्लुवर दिवस पर मैं महान तमिल संत तिरुवल्लुवर को नमन करता हूं। उनके कालजयी ग्रंथ जीवन के हर क्षेत्र में हमारे समाज का मार्गदर्शन करते रहते हैं।’’
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं युवाओं से आग्रह करता हूं कि वे उनके कार्यों से जुड़ें और उनकी गहन अंतर्दृष्टि से प्रेरणा लें।’’
भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा, ‘‘हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विभिन्न देशों की यात्राओं के दौरान लगातार तमिल भाषा की प्रशंसा की है। उन्होंने तमिल भाषा के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं, जो इतिहास में किसी और से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं और यह दर्शाता है कि प्रत्येक भारतीय को तमिल भाषा पर गर्व होना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तिरुवल्लुवर दिवस के इस अवसर पर आइए, हम महान वल्लुवर की महिमा का उत्सव मनाएं और उनकी आराधना करें।’’
तमिल महीने ‘थाई’ का दूसरा दिन ‘तिरुवल्लुवर दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
भाषा
गोला