राज ठाकरे ने निकाय चुनाव से पहले नियम बदलने पर राज्य निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा
धीरज प्रशांत
- 14 Jan 2026, 11:02 PM
- Updated: 11:02 PM
(तस्वीरों के साथ)
मुंबई, 14 जनवरी (भाषा) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को राज्य निर्वाचन आयोग(एसईसी) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि आधिकारिक प्रचार अवधि खत्म होने के बाद भी घर-घर जाकर प्रचार की इजाजत देकर आयोग सत्तारूढ़ महायुति को चुनाव जीतने में मदद कर रहा है।
उन्होंने एसईसी द्वारा हितधारकों को सूचित किए बिना चुनाव में प्रिंटिंग ऑक्सिलरी डिस्प्ले यूनिट (पाडू)का उपयोग करने के कदम पर भी सवाल उठाया।
ठाकरे ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि एसईसी 15 जनवरी को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) सहित महाराष्ट्र के 29 नगर निकायों में मतदान की पूर्व संध्या पर नियमों में बदलाव कर रहा है।
मनसे अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘एसईसी सरकार को उन चुनावों में जीत दिलाने में मदद कर रहा है जो वह हार चुकी है।’’ उन्होंने सवाल किया कि अंतिम दिन तक घर-घर जाकर प्रचार करने की अनुमति देने का यह नया नियम क्यों लागू किया गया, और लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान इसकी अनुमति क्यों नहीं दी गई।
राज ठाकरे ने पूछा, ‘‘यह रियायत क्यों दी गई? नियम क्यों बदला गया? क्या एसईसी सरकार की मर्जी के मुताबिक काम करने के लिए है?’’
शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने आरोप लगाया कि एसईसी ने भाजपा, अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस (राकांपा)और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को ‘‘घर-घर जाकर पैसे बांटने’’ का लाइसेंस दे दिया है।
निकाय चुनावों के लिए आधिकारिक रूप से प्रचार अभियान मंगलवार शाम को समाप्त हो गया। हालांकि एसईसी ने कहा है कि उम्मीदवार मतदाताओं के घर जाकर संपर्क कर सकते हैं, बशर्ते व्यक्तियों की संख्या पांच से अधिक न हो और ध्वनिप्रसारकों का उपयोग न किया जाए।
राज्य निर्वाचन आयोग ने 14 फरवरी, 2012 के एक आदेश का हवाला देते हुए कहा है कि इस तरह का व्यक्तिगत संपर्क सार्वजनिक प्रचार के बराबर नहीं है।
राज ठाकरे ने मनसे और सहयोगी शिवसेना (उबाठा) के कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और सत्ताधारी दलों के उम्मीदवारों पर नजर रखने को कहा, क्योंकि उनका दावा था कि वे पैसे बांट सकते हैं।
मनसे प्रमुख ने चुनावों में ‘पाडू’ मशीन का उपयोग करने के एसईसी के कदम को लेकर उस पर निशाना साधा। यह मशीन इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से जुड़ी होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह (पाडू)कौन सी मशीन है? एसईसी ने इसके बारे में किसी भी राजनीतिक दल को न तो बताया और न ही उन्हें इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी। यहां तक कि आम लोगों को भी इसके बारे में जानकारी नहीं है।’’
उन्होंने आगे कहा कि एसईसी मनमाने तरीके से काम कर रहा है।
राज ठाकरे ने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा)ने ‘पाडू’ मशीन के बारे में एसईसी को पत्र लिखा है।
बीएमसी के लिए 15 जनवरी को होने वाले चुनावों में पहली बार ‘पाडू’ का उपयोग किया जाएगा ताकि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में तकनीकी खराबी आने की स्थिति में मतों की गिनती में सुविधा प्रदान की जा सके।
बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी ने कहा था कि ये ‘बैकअप यूनिट’ के रूप में काम करेंगी और अन्य ईवीएम मशीनों की तरह ये भी चुनाव अधिकारियों के पास रहेंगी और इनका उपयोग केवल आपात स्थिति में किया जाएगा।
भाषा धीरज