शाम छह बजे के समाचार
देवेंद्र प्रशांत
- 14 Jan 2026, 06:06 PM
- Updated: 06:06 PM
नयी दिल्ली, 14 जनवरी (भाषा) ‘भाषा’ की अलग-अलग फाइल से बुधवार को शाम छह बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:
प्रादे98 बंगाल अदालत दूसरी लीड आई-पैक
आई-पैक छापेमारी: कलकत्ता उच्च न्यायालय ने तृणमूल कांग्रेस की याचिका का निस्तारण किया
कोलकाता: कलकत्ता उच्च न्यायालय ने राजनीतिक परामर्श फर्म ‘आई-पैक’ के निदेशक प्रतीक जैन के कार्यालय एवं आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी से संबंधित एक मामले में बुधवार को तृणमूल कांग्रेस की उस याचिका का निस्तारण कर दिया, जिसमें उसने अपने डाटा की सुरक्षा का अनुरोध किया था।
दि33 मोदी तीसरी लीड पोंगल
दिल्ली में पोंगल उत्सव में शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी, वैश्विक पर्व की संज्ञा दी
नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में पोंगल समारोह में भाग लिया और कहा कि प्रकृति के साथ सौहार्दपूर्ण संतुलन का संदेश देने वाला यह पर्व अब वैश्विक बन गया है और दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक का प्रतिनिधित्व करता है।
दि21 रक्षा एनसीसी सेना प्रमुख
ऑपरेशन सिंदूर भारत के संकल्प और संयम का निर्णायक प्रदर्शन : सेना प्रमुख
नयी दिल्ली: सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने बुधवार को कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत के संकल्प और संयम का ‘निर्णायक प्रदर्शन’ था, और इसने देश की सेना और युवाओं की नैतिक ताकत तथा पेशेवर योग्यता को दर्शाया।
प्रादे75 बिहार लालू तेजप्रताप
तेज प्रताप के घर मकर संक्रांति भोज में पहुंचे लालू, परिवार में सुलह के संकेत
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद बुधवार को अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के आवास पर आयोजित मकर संक्रांति के भोज में शामिल हुए। हालांकि, इससे कुछ महीने पहले ही उन्होंने तेज प्रताप को पार्टी से निष्कासित कर दिया था और उनसे सभी व्यक्तिगत संबंध तोड़ लेने की घोषणा की थी।
प्रादे35 छत्तीसगढ़ नक्सल आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक इनामी समेत 29 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण
सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में दो लाख रुपए के एक इनामी माओवादी समेत 29 माओवादियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अर्थ12 थोक मुद्रास्फीति
थोक मुद्रास्फीति दिसंबर में बढ़कर 0.83 प्रतिशत
नयी दिल्ली: थोक मुद्रास्फीति में लगातार दूसरे महीने वृद्धि जारी रही और दिसंबर 2025 में यह 0.83 प्रतिशत पर पहुंच गई। खाद्य पदार्थों, गैर-खाद्य वस्तुओं और विनिर्मित वस्तुओं की कीमतों में मासिक आधार पर बढ़ोतरी से इसमें वृद्धि दर्ज की गई। बुधवार को जारी सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
अर्थ34 भारत ईयू व्यापार
एफटीए से जुड़े विवादित मुद्दों को सुलझाने के लिए भारत,यूरोपीय संघ के दल लगातार संपर्क में: अधिकारी
नयी दिल्ली: यूरोपीय संघ के शीर्ष नेतृत्व की इस महीने के अंत में भारत यात्रा से पहले प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से जुड़े शेष विवादित मुद्दों को सुलझाने के लिए भारतीय और यूरोपीय संघ (ईयू) के दल लगातार संपर्क में हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
वि24 ईरान प्रदर्शन लीड न्यायपालिका
ईरान: मृतकों की संख्या बढ़कर 2,572 हुई, प्रधान न्यायाधीश ने मुकदमे चलाने और फांसी के संकेत दिए
दुबई: ईरान के प्रधान न्यायाधीश ने सरकार विरोधी राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ त्वरित सुनवाई और फांसी की सजा का संकेत दिया है। वहीं, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कहा कि मृतकों की संख्या बढ़कर 2,572 हो गई है।
वि23 थाईलैंड तीसरी लीड ट्रेन मृतक संख्या
थाईलैंड के उत्तर पूर्वी क्षेत्र में यात्री ट्रेन पर क्रेन गिरने की घटना में 29 लोगों की मौत
बैंकॉक: थाईलैंड के उत्तर पूर्वी क्षेत्र में बुधवार को एक यात्री ट्रेन पर निर्माण में इस्तेमाल की जाने वाली क्रेन के गिर जाने के बाद ट्रेन के पटरी से उतर जाने के कारण 29 लोगों की मौत हो गई और 64 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
खेल15 खेल आईसीसी रैंकिंग
वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में रोहित को पीछे छोड़कर फिर से शीर्ष पर पहुंचे कोहली
दुबई: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में शानदार अर्धशतक बनाने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
खेल26 खेल बैडमिंटन ओपन दूसरी लीड भारत
सिंधू इंडिया ओपन के पहले दौर से बाहर, श्रीकांत, प्रणय और मालविका जीते
नयी दिल्ली: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू बुधवार को यहां इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के महिला एकल के पहले दौर में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं जबकि किदांबी श्रीकांत, एच एस प्रणय और मालविका बंसोड़ दूसरे दौर में पहुंच गए।
खेल22 खेल भारत पारी
राहुल के नाबाद शतक से भारत के सात विकेट पर 284 रन
राजकोट: के एल राहुल के नाबाद 112 रन की मदद से भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को दूसरे एक दिवसीय क्रिकेट मैच में सात विकेट पर 284 रन बनाये।
‘द कन्वरसेशन’ के साथ अनुबंध के तहत जारी खबरें:
वि14 स्वास्थ्य इनडोर प्रदूषण
इनडोर वायु प्रदूषण वैश्विक स्वास्थ्य समस्या, केवल घरेलू ईंधन तक सीमित नहीं
लंदन: घरों के अंदर या अन्य बंद जगहों पर होने वाले वायु प्रदूषण को अक्सर पश्चिमी देशों में घरेलू हीटिंग या जीवनशैली से जुड़ा मुद्दा माना जाता है, जबकि विकासशील देशों में इसे ईंधन की कमी होने और लकड़ियां या अन्य ठोस ईंधन जलाकर खाना पकाने से जोड़कर देखा जाता है। हालांकि, एक नए वैश्विक अध्ययन में कहा गया है कि ये दोनों बहसें दरअसल एक ही सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती के अलग-अलग पहलू हैं।
वि17 कॉफी कप
प्लास्टिक या प्लास्टिक-लाइनिंग वाले कॉफी कप से निकल सकते हैं माइक्रोप्लास्टिक के हजारों कण : अध्ययन
मेलबर्न: एक नए अध्ययन में दावा किया गया है कि प्लास्टिक या प्लास्टिक-लाइनिंग वाले कॉफी कप के गर्म पेय के संपर्क में आने पर बड़ी संख्या में माइक्रोप्लास्टिक कण निकल सकते हैं, जो सीधे पेय में मिल जाते हैं।
भाषा
देवेंद्र