विक्टर लेई और कुसुमा वरदानी इंडिया ओपन के दूसरे दौर में
सुधीर मोना
- 13 Jan 2026, 07:29 PM
- Updated: 07:29 PM
(सुधीर उपाध्याय)
नयी दिल्ली, 13 जनवरी (भाषा) विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता कनाडा के विक्टर लेई ने तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में जीत दर्ज करते हुए मंगलवार को यहां योनेक्स सनराइज इंडिया ओपन 2026 सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई जबकि उनके हमवतन ब्रायन यांग ने उलटफेर करते हुए चौथे वरीय चीनी ताइपे के चाउ टिएन चेन को सीधे गेम में हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।
महिला एकल में इंडोनेशिया की छठी वरीय और विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता पुत्री कुसुमा वरदानी तथा थाईलैंड की अनुभवी सातवीं वरीय रतचानोक इंतानोन जीत दर्ज करने में सफल रहीं।
इक्कीस साल के विक्टर ने फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव को 21-12, 16-21, 21-8 से हराया जबकि यांग ने टिएन चेन को सीधे गेम में 21-19, 21-11 से शिकस्त दी।
विक्टर ने मैच के बाद कहा, ‘‘मुकाबला काफी उतार-चढ़ाव वाला था। पोपोव ने अच्छी टक्कर दी लेकिन निर्णायक गेम में उसने काफी सहज गलतियां की जिसका मैच फायदा उठाकर जीत दर्ज करने में सफल रहा। ठंड और हवा के कारण शटल काफी ड्रिफ्ट कर रही थी जिससे परेशानी का सामना करना पड़ा। ’’
पुरुष एकल के एक अन्य मुकाबले में चीनी ताइपे के ची यू जेन ने फ्रांस के छठे वरीय एलेक्स लेनियर को सीधे गेम में 21-17, 21-19 से हराकर उलटफेर किया।
लेनियर ने मैच के बाद कहा, ‘‘मैं अपने प्रदर्शन से खुश नहीं हूं। मैं उम्मीद के मुताबिक नहीं खेल पाया। मैं बेहतर कर सकता था लेकिन लय हासिल नहीं कर पाया।’’
आयरलैंड के एनहात एनगुएन ने पहला गेम गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए कोरिया के जियोन हियोक जिन को 18-21, 21-17, 21-11 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया जबकि दो अनुभवी खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में डेनमार्क के रासमुस गेम्के ने मलेशिया के ली जिया जी को तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में 21-13, 18-21, 21-18 से हराया।
महिला एकल में दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी रतचानोक को जापान की रिको गुंजी के खिलाफ 21-19, 21-15 की जीत के दौरान अधिक पसीना नहीं बहाना पड़ा जबकि कुसुमा वरदानी को कनाडा की अनुभवी मिशेल ली को 21-12, 20-22, 21-15 से हराने के दौरान कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
मिशेल ने कहा, ‘‘ड्रिफ्ट के कारण मुझे परेशानी हो रही थी। यह एरेना पिछले एरेना (केडी जाधव इंडोर हॉल) की तुलना में बड़ा है। यहां ठंड है और हवा भी चल रही थी जिससे शटल ड्रिफ्ट हो रही थी।’’
डेनमार्क की अनुभवी मिया ब्लिचफेल्ट ने चीनी ताइपे की च्यु पिन चियान को सीधे गेम में 21-19, 21-11 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया जबकि अमेरिका की बेइवेन झेंग ने डेनमार्क की लाइन क्रिस्टोफरसन को सीधे गेम में 21-17, 21-11 से शिकस्त दी।
जापान की मनामी सुइजू ने भी चीन की अपनी प्रतिद्वंद्वी गाओ फेंग जेइ के 21-13, 7-1 के स्कोर पर मुकाबले से हटने पर अगले दौर में प्रवेश किया।
भाषा सुधीर