राजनीति कोई अंशकालिक गतिविधि नहीं है, शॉर्टकट से बचें: भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन
प्रशांत दिलीप
- 12 Jan 2026, 09:17 PM
- Updated: 09:17 PM
गुरुग्राम, 12 जनवरी (भाषा) युवा नेताओं से भारत को विकसित बनाने में अग्रणी भूमिका निभाने का आग्रह करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कहा कि राजनीति कोई अंशकालिक गतिविधि नहीं है और जिन युवाओं में इस क्षेत्र में शामिल होने का जुनून और ऊर्जा है, उन्हें “शॉर्टकट” से बचना चाहिए।
स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर गुरुग्राम में आयोजित ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “राजनीति सौ मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि एक लंबी मैराथन है। यह गति की परीक्षा नहीं, बल्कि धैर्य और सहनशक्ति की परीक्षा है।”
उन्होंने युवाओं से आगे आकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में योगदान देने का आग्रह किया।
नवीन ने कहा, “आज के युवाओं में जोश और ऊर्जा है, और उनके इस जोश को सही दिशा देने वाले प्रधानमंत्री मोदी हैं।”
उन्होंने कहा, “अगर हम 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना चाहते हैं, तो इस देश के युवाओं को आगे आना होगा, और इस देश के युवा नेताओं को आगे बढ़कर अग्रणी भूमिका निभानी होगी।”
भाजपा नेता ने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री ने युवाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं और उन्हें सामाजिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रोत्साहित किया है।
राजनीति में प्रवेश करने की इच्छा रखने वालों को संदेश देते हुए नवीन ने कहा कि उन्हें “शॉर्टकट” से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा, “कुछ लोग राजनीति को अंशकालिक गतिविधि मानते हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता पूरी लगन और समर्पण के साथ पूर्णकालिक राजनीति करते हैं, ताकि राष्ट्र की सेवा निष्ठापूर्वक की जा सके। अगर आज के युवा राजनीति में प्रवेश करना चाहते हैं, तो उन्हें शॉर्टकट से बचना चाहिए, क्योंकि शॉर्टकट हमेशा मुसीबत का कारण बनते हैं।”
उन्होंने कहा, “राजनीति सौ मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि एक लंबी मैराथन है। यह गति की परीक्षा नहीं, बल्कि धैर्य और सहनशक्ति की परीक्षा है। धैर्य, सही दिशा और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने से ही देश की राजनीति नई पीढ़ी के साथ मजबूत हो सकती है और भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में प्रगति कर सकता है।”
इससे पहले, हरियाणा के गुरुग्राम पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।
भाषा प्रशांत