दिल्ली पुलिस ने व्यस्त सड़कों पर 'बॉक्स पार्किंग' के लिये 56 स्थानों की पहचान की
प्रचेता दिलीप
- 09 Jan 2026, 10:17 PM
- Updated: 10:17 PM
नयी दिल्ली, नौ जनवरी (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना के निर्देश पर, व्यस्त सड़कों पर भीड़भाड़ कम करने और यातायात प्रवाह को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सड़क किनारे 'बॉक्स पार्किंग' के लिए 56 स्थानों की पहचान की है। एक आधिकारिक बयान से यह जानकारी मिली।
'बॉक्स पार्किंग' एक ऐसी व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था है, जिसमें सड़क किनारे वाहनों के लिए चिन्हित और निर्धारित जगह (बॉक्स) होती है, ताकि अव्यवस्थित पार्किंग से बचा जा सके और यातायात प्रवाह बेहतर हो।
बयान के अनुसार, चांदनी चौक, कमला नगर मार्केट, विकास मार्ग, नेताजी सुभाष प्लेस, गांधी नगर, रोहिणी, मालवीय नगर, द्वारका और यूसुफ सराय जैसे अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में इन पार्किंग स्थानों पर लगभग 3,000 वाहन खड़े किए जा सकते हैं।
इसके मुताबिक, इस पहल का मुख्य उद्देश्य व्यवस्थित रूप से वाहन खड़ा करना, यातायात की सुगम आवाजाही और आपातकालीन वाहनों जैसे एम्बुलेंस और अग्निशमन सेवाओं के लिए निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करना है।
यह कदम दिल्ली यातायात पुलिस द्वारा बाजार क्षेत्रों में अव्यवस्थित पार्किंग के कारण हो रही गंभीर यातायात जाम की शिकायतों के बाद उठाया गया है।
इसके बाद, उपराज्यपाल ने पुलिस आयुक्त को इन समस्याग्रस्त क्षेत्रों की पहचान कर पार्किंग सुविधा सुधारने का निर्देश दिया है।
बयान के अनुसार, बॉक्स पार्किंग के माध्यम से कुल 2,984 वाहनों को पार्क करने की क्षमता बनाई गई है। बयान के मुताबिक, कुल 56 चिन्हित जगहों में से 50 जगहों पर पुलिस विभाग ने अपने संसाधनों का उपयोग करके पार्किंग बॉक्स (निशान लगाने) बनाने का काम पूरा कर लिया है।
बयान के मुताबिक, चिन्हित सड़कों में से 46 सड़कें लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अंतर्गत आती हैं। बयान के अनुसार, इसके अतिरिक्त, चार सड़कें दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अधीन, तीन सड़कें दिल्ली नगर निगम (एनसीडी) के अधीन और तीन सड़कें अन्य एजेंसियों के अधिकार क्षेत्र में आती हैं।
बयान के अनुसार, पार्किंग बॉक्स के लिए पूर्वी जिले में 14, उत्तर जिले में 11, दक्षिण जिले में 10, मध्य दिल्ली में नौ, पश्चिम और नयी दिल्ली जिलों में छह-छह स्थानों की पहचान की गई है।
बयान के मुताबिक, इनमें मयूर विहार फेज-2, वजीराबाद रोड, अंसारी रोड, गांधी नगर पुस्ता रोड, चांदनी चौक बाजार (फतेहपुरी मस्जिद से सदर थाना तक), कैलाश कॉलोनी, एनएसपी से मधुबन चौक तक, लिबासपुर से मुकरबा चौक तक, पूर्वी रोहिणी से पश्चिमी रोहिणी मेट्रो स्टेशन तक, सेक्टर चार से सेक्टर 12 द्वारका तक, नजफगढ़ रोड, ओखला और यूसुफ सराय जैसे इलाके शामिल हैं।
बयान में यह भी कहा गया है कि इस पहल से व्यवस्थित पार्किंग, बेहतर यातायात प्रवाह, सड़क सुरक्षा में सुधार, और आपातकालीन वाहनों के लिए त्वरित पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी। साथ ही, इससे वाहन प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी।
भाषा प्रचेता