भाजपा कार्यकर्ता के घर में घुसकर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने पर प्रदर्शनकारियों पर मुकदमा दर्ज
दीप्ति राजकुमार
- 05 Jan 2026, 09:07 PM
- Updated: 09:07 PM
देहरादून (उत्तराखंड), पांच जनवरी (भाषा) अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित 'वीआईपी' के खुलासे के बाद मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों के प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से एक भाजपा कार्यकर्ता के घर में घुसकर उसकी वृद्ध मां तथा भाभी के साथ दुर्व्यवहार करने तथा पार्टी का पोस्टर फाड़ने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने सोमवार को यहां बताया कि संजीव वर्मा की 85 वर्षीय मां विमला वर्मा की तहरीर पर डालनवाला थाने में मसूरी के नितिन दत्त और टिहरी के सुरेश सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस में दी अपनी तहरीर में राजपुर रोड निवासी शिकायतकर्ता ने कहा रविवार को पांच व्यक्ति उनके घर में घुसे तथा उन्होंने उनसे एवं उनकी बहू अलका वर्मा से धक्का-मुक्की और अभद्रता की । शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि इन लोगों ने उनके घर की छत पर चढ़कर वहां लगे भाजपा के पोस्टर को फाड़ दिया ।
तहरीर के अनुसार, जब महिलाओं ने उन व्यक्तियों से पोस्टर फाड़ने का कारण पूछा तो उन्होंने उन्हें धमकी दी कि अभी तो पोस्टर ही फाड़ा है और अगर ऐसा पोस्टर फिर लगाया तो वह घर में आग लगा देंगे और जान से मार देंगे।
तहरीर के अनुसार, उनके बेटे ने जब इस बारे में पता लगाया तो उनमें से दो व्यक्तियों की पहचान स्पष्ट हो गयी ।
पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115 (2), 191 (2), 324 (2), 333, 351 (3), 352, 74 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है ।
अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर रविवार को जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया गया था। प्रदर्शनकारियों में कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल थे ।
उधर, भाजपा के राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने भी प्रदर्शनकारियों द्वारा पोस्टर फाड़ने और महिलाओं से कथित अभद्रता किए जाने की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटनाक्रम इस बात का इशारा करता है कि राज्य का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है ।
उत्तराखंड के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी होने का दावा करने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने हाल में सोशल मीडिया पर अपने वीडियो और राठौर से अपनी कथित बातचीत के आडियो जारी कर आरोप लगाया था कि अंकिता हत्याकांड का 'वीआईपी' भाजपा का 'गटटू' नाम का नेता है । एक अन्य वीडियो में उन्होंने गटटू का नाम भी जाहिर कर दिया जिससे प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया ।
भाषा दीप्ति