युवा कांग्रेस नेता के फेसबुक पोस्ट की भाजपा ने कड़ी आलोचना की
राजकुमार रंजन
- 03 Jan 2026, 06:21 PM
- Updated: 06:21 PM
तिरुवनंतपुरम, तीन जनवरी (भाषा) एसएनडीपी योगम के महासचिव वेल्लापल्ली नटेसन के ऊपर काला तेल डालने वालों को पुरस्कृत करने के संबंधी युवा कांग्रेस के एक पदाधिकारी के कथित फेसबुक पोस्ट पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
मीडिया के एक हिस्से में खबर छपी/प्रकाशित हुई है कि युवा कांग्रेस के मलप्पुरम जिला अध्यक्ष हारिस मुदुर ने शुक्रवार को फेसबुक पोस्ट में कहा है कि नटेसन के ऊपर काला तेल डालने वालों को पुरस्कार और नकद इनाम दिया जाएगा।
यह फेसबुक पोस्ट कथित तौर पर नटेसन द्वारा हाल में एक टेलीविजन रिपोर्टर के खिलाफ की गई "अतिवादी" टिप्पणी के मद्देनजर किया गया था। हालांकि, युवा कांग्रेस नेता का यह पोस्ट अब फेसबुक से हटा दिया गया है।
भाजपा नेता के. गोपालकृष्णन ने शनिवार को इस फेसबुक पोस्ट को लेकर मुदुर पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह "जिहादी मानसिकता" का प्रतिबिंब है।
अपने सोशल मीडिया हैंडल पर, गोपालकृष्णन ने कहा कि श्री वेल्लापल्ली नटेसन के समर्थक और विरोधी हिंदू समुदाय के भीतर मौजूद हो सकते हैं एवं यह उनका आंतरिक मामला है।
उन्होंने युवा कांग्रेस नेता को याद दिलाया कि यह 2026 का भारत है, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा,‘‘आप चाहे जितने भी धर्मनिरपेक्ष मुखौटे पहन लें, आपके भीतर की जिहादी मानसिकता अंततः सामने आ ही जाएगी।’’
गोपालकृष्णन ने कहा कि नटेसन जैसे हिंदू समाज के एक अत्यंत सम्मानित नेता पर काला तेल छिड़कने का खुला आह्वान भविष्य में एक खतरनाक स्थिति का संकेत है।
उन्होंने भाजपा को सत्ता में लाने का आह्वान करते हुए कहा, “केरल में भाजपा को सत्ता में क्यों आना चाहिए? सिर्फ हमारे लिए ही नहीं, बल्कि इसलिए कि आने वाली पीढ़ियां हमारे छोटे से केरल में सुरक्षित रूप से रह सकें। इसके लिए भाजपा का यहां सत्ता में आना आवश्यक है।”
इस संबंध में युवा कांग्रेस नेतृत्व की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
नटेसन से जुड़ा विवाद बुधवार को तब शुरू हुआ जब एक पत्रकार ने एसएनडीपी महासचिव से मलप्पुरम जिले पर उनकी हालिया टिप्पणियों के बारे में सवाल किया था।
टेलीविजन फुटेज में नटेसन गुस्से में पत्रकार के माइक्रोफोन को एक तरफ धकेलते हुए, उसे दूर हटने के लिए कहते हुए दिख रहे हैं।
शुक्रवार को अलप्पुझा में अपने निवास पर नटेसन ने प्रेसवार्ता में कहा था कि पत्रकार चमरपंथी एवं मुसलमानों का प्रवक्ता है।
भाषा
राजकुमार