मेघालय: भाजपा ने क्रिसमस समारोह में बाधा डालने के प्रयासों की निंदा की
जितेंद्र पवनेश
- 26 Dec 2025, 05:56 PM
- Updated: 05:56 PM
शिलांग, 26 दिसंबर (भाषा) देश के कुछ हिस्सों में क्रिसमस समारोहों में बाधा डालने के प्रयासों की खबरों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मेघालय इकाई ने शुक्रवार को इन कृत्यों में शामिल लोगों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्र रूप से और बिना किसी भय के त्योहार मनाने का संवैधानिक अधिकार है।
भाजपा की राज्य इकाई के मुख्य प्रवक्ता मारियाहोम खारक्रांग ने कहा कि क्रिसमस प्रेम, सद्भाव व एकता का प्रतीक है और भारत में सभी समुदायों में समान उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
खारक्रांग ने एक बयान में कहा, “यह दुखद है कि कुछ लोग नफरत फैलाने वाली गतिविधियों में संलिप्त हैं, जिनका एकमात्र उद्देश्य क्रिसमस की भावन और उसके सार्वभौमिक प्रेम के संदेश को बाधित और अपमानित करना है। ऐसे कृत्य भारतीय सभ्यता के मूल सिद्धांतों के खिलाफ हैं और उन मूल्यों पर हमला करते हैं, जो हमारे लिए प्रिय हैं।”
उन्होंने कहा कि भाजपा सभी धर्मों की एकता व समानता में दृढ़ विश्वास रखती है और संविधान का पालन करने तथा प्रत्येक नागरिक के त्योहारों को अपनी इच्छानुसार मनाने के अधिकार की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
खारक्रांग ने आपराधिक कृत्यों का राजनीतिकरण करने के प्रयासों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ दल ‘मामूली अपराधियों’ से जुड़ी छिटपुट घटनाओं को संकीर्ण राजनीतिक लाभ के लिए संगठित या सुनियोजित कार्यक्रम के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री, वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ 2025 सहित हर वर्ष क्रिसमस समारोह में भाग लेते हैं। यह हमारी पार्टी के प्रत्येक सदस्य के लिए समावेशिता और आपसी सम्मान का उदाहरण प्रस्तुत करता है।”
खारक्रांग ने कहा कि पार्टी देशभर के नागरिकों के साथ खड़ी है और इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने, उन पर मुकदमा चलाने और कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करती है।
उन्होंने कहा कि मेघालय में पार्टी के नेता और पदाधिकारी असम समेत उन राज्यों के नेताओं व पदाधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं, जहां ऐसी घटनाएं सामने आई हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इन कृत्यों में शामिल कोई भी व्यक्ति सजा से न बच सके।
भाषा जितेंद्र