टोरंटो विश्वविद्यालय परिसर के पास भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या
आशीष पारुल
- 27 Dec 2025, 12:22 AM
- Updated: 12:22 AM
टोरंटो, 26 दिसंबर (भाषा) कनाडा में टोरंटो विश्वविद्यालय के स्कारबोरो परिसर के पास 20 वर्षीय भारतीय शोध छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गोलीबारी की यह घटना मंगलवार को हुई। टोरंटो पुलिस ने मृतक की पहचान शिवांक अवस्थी के रूप में की है।
नयी दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि भारत कनाडा के अधिकारियों के संपर्क में है।
उन्होंने कहा, “हम उनके परिवार के संपर्क में हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। हम अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम पता लगा रहे हैं कि किन परिस्थितियों में मौत हुई। हम इस मामले में हम स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।”
जायसवाल ने कहा, “हमारा महावाणिज्य दूतावास मृतक के परिवार को हर संभव सहायता दे रहा है।”
कनाडाई ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (सीबीसी) की खबर के अनुसार, ड्यूटी इंस्पेक्टर जेफ एलिंगटन ने मंगलवार रात घटनास्थल के पास संवाददाताओं को बताया कि पुलिस को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हाइलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्स्टन रोड के पास एक घायल व्यक्ति के पड़े होने की सूचना मिली थी।
खबर के मुताबिक, जब अधिकारी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने व्यक्ति को पाया, जिसे गोली लगी थी और उसे घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस इस मामले की जांच हत्या के रूप में कर रही है।
एलिंगटन ने कहा, ‘‘फिलहाल हमारा ध्यान सबूत जुटाने और यह पता लगाने पर है कि ऐसा क्या हुआ था, जिसके कारण छात्र को गोली मारी गई। मृतक के परिजनों को भी सूचित करना है। इसी कारण फिलहाल बहुत अधिक जानकारी साझा करना संभव नहीं है।’’
टोरंटो पुलिस ने बताया कि संदिग्ध हमलावर पुलिस के पहुंचने से पहले ही इलाके से फरार हो गया था।
अब तक हमलावर का कोई हुलिया या विवरण जारी नहीं किया गया है।
टोरंटो में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हम टोरंटो विश्ववविद्यालय के स्कारबोरो परिसर के पास हुई गोलीबारी की घटना में भारतीय शोध छात्र शिवांक अवस्थी की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। दुख की इस घड़ी में दूतावास शोक संतप्त परिवार के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय में हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।’’
‘सीपी24 टेलीविजन नेटवर्क’ की खबरों के अनुसार, टोरंटो विश्वविद्यालय स्कारबोरो परिसर (यूटीएससी) के एक प्रवक्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय अपने परिसर के पास हुई इस घटना से ‘‘बेहद दुखी’’ है, लेकिन उन्होंने यह पुष्टि नहीं की कि पीड़ित विश्वविद्यालय का छात्र था या नहीं।
प्रवक्ता ने बुधवार शाम जारी एक बयान में कहा, ‘‘हम फिलहाल पीड़ित की पहचान पर टिप्पणी नहीं कर सकते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम त्वरित प्रतिक्रिया और कार्रवाई के लिए अपने परिसर सुरक्षा दल, टोरंटो पुलिस सेवा और आपातकालीन चिकित्सा सेवा कर्मियों के आभारी हैं।’’
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया।
विश्वविद्यालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि यूटीएससी के हाइलैंड क्रीक वैली क्षेत्र में पुलिस जांच जारी है। वैली में जाने वाले रास्ते फिलहाल बंद हैं और पुलिस द्वारा उन्हें दोबारा खोले जाने तक लोगों को संबंधित क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।
भाषा आशीष