एटा में सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने के आरोप में 48 घंटे में 400 से अधिक गिरफ्तार
सं जफर अमित
- 19 Dec 2025, 08:19 PM
- Updated: 08:19 PM
एटा (उप्र), 19 दिसंबर (भाषा) सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने और गलत व्यवहार रोकने के मकसद से संचालित एक बड़े अभियान में, उत्तर प्रदेश के एटा जिले में पुलिस ने 'ऑपरेशन कार-ओ-बार' नाम के एक खास अभियान के तहत 48 घंटे के अंदर 402 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह जिला-व्यापी अभियान सभी पुलिस थानाक्षेत्रों में एकसाथ चलाया गया, जिसमें आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने के आरोप में मामले दर्ज किए गए।
पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय की देखरेख में शुरू किए गए इस अभियान में शराब की दुकानों के आसपास, सड़कों के किनारे, यातायात चौराहों और दूसरी सार्वजनिक जगहों पर ध्यान दिया गया।
एसपी सिटी पांडेय और पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) राजेश सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर कार्रवाई का नेतृत्व किया।
पुलिस ने बताया कि इस अभियान का मकसद सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना और सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने से होने वाली परेशानी, खासकर ऐसे कृत्यों को को रोकना है, जिनसे महिलाओं और बच्चों को असुरक्षित महसूस होता है।
अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक जगहों पर शराब पीते या गलत व्यवहार करते पाए जाने वालों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
पुलिस ने बताया कि यह अभियान 2 जनवरी तक जारी रहेगा और लोगों से सड़कों, सार्वजनिक जगहों या गाड़ियों के अंदर शराब ना पीने की अपील की, साथ ही चेतावनी दी कि उल्लंघन किये जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक गिरफ्तारियां निधौली कलां इलाके (47) से हुईं, इसके बाद जैतरा (45), कोतवाली देहात (42) और कोतवाली नगर (40) से हुईं।
अधिकारियों ने बताया कि जलेसर (30), मारहरा (29), आवागढ़ (25), जसराथपुर (20), मालवन (19), नयागांव (18), साकेत (16), राजा का रामपुर (14), पिलुआ (14), सकरौली (11), बगवाला (11), रिशोर (10), मिर्ची (9) और अलीगंज (9) से भी गिरफ्तारियां की गईं।
पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे और नागरिकों से सार्वजनिक जगहों को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने में सहयोग करने की अपील की।
भाषा सं जफर