उत्तराखंड : पत्रकार पंकज मिश्रा की हत्या के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
दीप्ति शफीक
- 17 Dec 2025, 11:27 PM
- Updated: 11:27 PM
देहरादून, 17 दिसंबर (भाषा) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र के जाखन में रहने वाले पत्रकार पंकज मिश्रा की हत्या के आरोप में पुलिस ने बुधवार को दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने यहां बताया कि देहरादून के कैंट क्षेत्र के रहने वाले अमित सहगल (51) और मुंबई निवासी पार्थो शील (45) को मृतक के भाई द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर दर्ज मुकदमे में पूछताछ के लिए बुलाया गया था जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
मृतक पत्रकार के उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी भाई अरविंद मिश्रा ने मंगलवार देर रात पुलिस में तहरीर देकर सहगल तथा अन्य के खिलाफ हत्या, घर में जबरन घुसने और लूटपाट करने का आरोप लगाया था जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी ।
तहरीर में कहा गया कि 15 दिसंबर की रात लगभग 10 बजे सहगल कुछ लोगों के साथ एक गिरोह बनाकर पंकज मिश्रा के दून विहार स्थित किराए के घर में आया और गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की नीयत से मारपीट शुरू कर दी।
इसमें आरोप लगाया कि सहगल ने पंकज मिश्रा के सीने और पेट पर लात-घूंसे मारे जिससे उनके मुंह से खून निकलने लगा। मारपीट के बाद सहगल ने पंकज का मोबाइल फोन भी छीन लिया। इस बीच, पंकज की पत्नी लक्ष्मी ने अपने मोबाइल फोन से पुलिस को सूचना देनी चाही तो सहगल और उसके साथियों ने उनका भी फोन छीन लिया और उससे बदसलूकी करते हुए भाग गए।
तहरीर के अनुसार, इसके बाद पंकज ने किसी राहगीर के फोन से पुलिस को इस घटना की सूचना दी। मौके पर आने के बाद पुलिस ने पंकज से अपनी चिकित्सा जांच कराने और तहरीर लिखाने को कहा लेकिन उन्होंने चोट और डर के कारण रात में न जाने तथा सुबह कार्रवाई करने की बात कही।
घटना के कुछ घंटों बाद मंगलवार तड़के तीन बजे पंकज ने अपनी पत्नी से कहा कि उनके पेट में दर्द हो रहा है और इसके बाद जैसे ही वह बिस्तर से खड़े हुए, अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। तहरीर में कहा गया है कि पंकज की पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें दून अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस बीच, मृतक के परिजनों ने देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह से मुलाकात कर शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की जिसके बाद शव का डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा दोबारा पोस्टमार्टम किया गया ।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में जानकारी मिली है कि सोशल मीडिया पर पंकज मिश्रा ने सहगल के खिलाफ कोई पोस्ट लिखा था जिससे नाराज होकर सहगल ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनसे मारपीट की।
उसने बताया कि मृतक की पत्नी, उनके मकान मालिक तथा आसपास रहने वाले लोगों के बयान दर्ज करते हुए टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य संकलित किए गए हैं।
एसएसपी ने कहा कि अभी तक मामले में प्राप्त साक्ष्यों एवं बयानों के आधार पर कार्रवाई की गयी है तथा मामले की विस्तृत एवं गहन विवेचना के लिए साइबर सेल, एसओजी, फोरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है।
उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की जाएगी।
भाषा दीप्ति