भ्रष्टाचार की आय की जांच चाहते हैं पंजाब भाजपा प्रमुख जाखड़
अमित पारुल
- 09 Dec 2025, 10:28 PM
- Updated: 10:28 PM
चंडीगढ़, नौ दिसंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ ने मंगलवार को भ्रष्टाचार को समाज के लिए अभिशाप बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से राज्य के सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की जांच करने को कहा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या किसी को भ्रष्ट गतिविधियों से धन हासिल हुआ है।
जाखड़ ने 16 जून को मान को लिखा अपना पत्र भी साझा किया, जिसमें उन्होंने मादक पदार्थ से अर्जित धन के अंतिम लाभार्थियों का पता लगाने के लिए जांच की मांग की थी और आरोप लगाया था कि कई ‘‘विधायक जो साइकिल पर आते थे, अब उनके पास लक्जरी कार हैं और कई के पास फार्महाउस हैं।’’
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार समाज के लिए अभिशाप बन गया है। अब, जिस पार्टी ने 70 साल तक देश पर शासन किया, उसके वरिष्ठ नेता खुद एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहे हैं।’’
जाखड़ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भगवंत मान जी, आपने इस भ्रष्टाचार को कैंसर कहा था। आपने यह भी कहा था कि आपके पास फाइल हैं, तो आप उन फाइल को क्यों नहीं खोलते? मैंने आपको पहले भी लिखा था और मैं फिर से मांग करता हूं कि उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की निगरानी में सभी दलों के नेताओं (मुझ सहित) की समयबद्ध जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आए और पता चले कि विभिन्न भ्रष्ट आचरणों से अर्जित धन कहां गया।’’
सोलह जून को लिखे अपने पत्र में जाखड़ ने मांग की थी कि ‘ड्रग-मनी’ मामले में ताकतवर और प्रभावशाली लाभार्थियों का पता लगाने के लिए पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश शील नागू की निगरानी में जांच की जाए।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आशा और सावधानी के साथ आपको यह पत्र लिख रहा हूं, ताकि पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश शील नागू की प्रत्यक्ष निगरानी में एक तत्काल जांच की आवश्यकता की ओर आपका ध्यान आकर्षित कर सकूं, ताकि ‘ड्रग-मनी’ के शक्तिशाली और प्रभावशाली लाभार्थियों का पता लगाया जा सके, जो पंजाब को पीड़ा पहुंचाने वाला प्राथमिक स्रोत है।’’
उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखा, ‘‘यदि आपकी सरकार मादक पदार्थ के खिलाफ लड़ाई में अपनी विश्वसनीयता और दृढ़ संकल्प स्थापित करना चाहती है, तो यह महत्वपूर्ण है।’’
जाखड़ ने कहा, ‘‘यह उचित होगा कि आप मुख्यमंत्री के रूप में, माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर उनसे एक विश्वसनीय एजेंसी द्वारा समयबद्ध जांच, या यहां तक कि एक बहु-एजेंसी जांच कराने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग करें, ताकि ‘ड्रग-मनी’ के अंतिम लाभार्थियों का पता लगाया जा सके।"
उन्होंने कहा, ‘‘जो विधायक साइकिल से आते थे, उनके पास अब करोड़ों रुपये की लग्जरी कार हैं। कई विधायकों के पास कई एकड़ में फैले फार्महाउस हैं।"
मान को लिखे पत्र में जाखड़ ने कहा, ‘‘चूंकि, ‘ड्रग-मनी’ में शामिल धन की मात्रा बहुत अधिक है, इसलिए इसमें धनशोधन की बू आती है, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की जा सकती है, या जैसा कि मुख्य न्यायाधीश उचित समझें, क्योंकि इसमें बड़े-बड़े लोग शामिल हो सकते हैं।’’
भाषा अमित