रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए
एपी खारी पारुल
- 06 Dec 2025, 07:37 PM
- Updated: 07:37 PM
कीव, छह दिसंबर (एपी) रूस ने शुक्रवार को पूरी रात यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इससे पहले, अमेरिका और यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा था कि वे लगभग चार साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के वास्ते तीसरे दिन की बातचीत के लिए शनिवार को मिलेंगे।
बातचीत में युद्ध के बाद यूक्रेन के लिए एक सुरक्षा तंत्र तैयार करने की दिशा में हुई प्रगति के उपरांत दोनों पक्षों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी “वास्तविक समझौते” की दिशा में आगे बढ़ना अंततः इस बात पर निर्भर करेगा कि रूस दीर्घकालिक शांति के लिए कितनी गंभीरता दिखाता है।
अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और यूक्रेन के वार्ताकार रुस्टेम उमेरोव तथा आंद्रिय ह्नातोव की ओर से यह बयान शुक्रवार को फ्लोरिडा में हुई दूसरे दिन की बैठक के बाद आया।
उन्होंने अब तक हुई प्रगति के बारे में केवल मोटे तौर पर ही कुछ बातें बताईं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चाहते हैं कि कीव और मॉस्को युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका की ओर से तैयार मध्यस्थता प्रस्ताव पर सहमत हों।
यूक्रेन की वायु सेना ने शनिवार सुबह बताया कि रूस ने 29 जगहों को निशाना बनाते हुए 653 ड्रोन हमले किए और 51 मिसाइल दागीं, जिसे देखते हुए पूरे देश में हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई।
वायु सेना ने दावा किया कि उसके बलों ने 585 ड्रोन और 30 मिसाइल मार गिराईं या निष्क्रिय कर दीं। यह हमला उस समय हुआ, जब यूक्रेन अपना सशस्त्र सेना दिवस मना रहा था।
यूक्रेन के गृह मंत्री इहोर क्लिमेंको ने कहा कि हमलों में कम से कम आठ लोग घायल हुए हैं।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, कीव क्षेत्र में कम से कम तीन लोग घायल हो गए। यूक्रेन के पश्चिमी हिस्से, लवीव क्षेत्र में भी ड्रोन देखे जाने की सूचना है।
यूक्रेन के राष्ट्रीय ऊर्जा संचालक ‘उक्रेनेर्गो’ ने ‘टेलीग्राम’ पर लिखा कि रूस ने कई यूक्रेनी क्षेत्रों में बिजलीघरों और अन्य ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर “मिसाइल-ड्रोन हमला” किया।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने अपने महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रोसी के हवाले से बताया कि यूक्रेन के जापोरिजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र को ग्रिड से मिलने वाली बिजली आपूर्ति रातभर अस्थायी रूप से बाधित रही।
जापोरिजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र उस क्षेत्र में है, जो यूक्रेन पर रूस के शुरुआती हमले के समय से ही मॉस्को के कब्जे में। यह संयंत्र फिलहाल चालू स्थिति में नहीं है, लेकिन इसके छह बंद रिएक्टर और इस्तेमाल हो चुके ईंधन को सुरक्षित रखने के लिए लगातार बिजली आपूर्ति की जरूरत होती है, ताकि किसी भी तरह की गंभीर परमाणु दुर्घटना न हो।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि ये हमले ऊर्जा सुविधाओं को लक्षित कर किए गए। उन्होंने बताया कि एक ड्रोन हमले में कीव क्षेत्र के फास्टिव शहर का रेलवे स्टेशन “जलकर खाक” हो गया।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी हवाई सुरक्षा प्रणाली ने रातभर में रूसी क्षेत्र में 116 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया।
रूस के टेलीग्राम समाचार चैनल ‘एस्ट्रा’ ने कहा कि यूक्रेन ने रूस की रयाजान तेल रिफाइनरी पर हमला किया। चैनल ने रिफाइनरी में आग लगने और धुएं का गुबार उठने का कथित वीडियो भी साझा किया।
समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस’ ने इस वीडियो की पुष्टि नहीं की है।
वहीं, यूक्रेन ने भी कथित हमले पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की है।
एपी खारी