मान, केजरीवाल, उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में सिख धार्मिक जुलूस में हिस्सा लिया
यासिर नरेश
- 19 Nov 2025, 09:51 PM
- Updated: 09:51 PM
चंडीगढ़, 19 नवंबर (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहीदी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित स्मृति कार्यक्रमों के तहत श्रीनगर में बुधवार को ‘नगर कीर्तन’ (धार्मिक जुलूस) में भाग लिया।
यहां एक आधिकारिक बयान के अनुसार, श्रीनगर स्थित गुरुद्वारा छेविन पातशाही से शुरू हुआ यह जुलूस 19 नवंबर को जम्मू, 20 नवंबर को पठानकोट और 21 नवंबर को होशियारपुर में रुकने के बाद 22 नवंबर को पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगा।
जुलूस में वाहनों का एक काफिला शामिल होता है, जिसमें सार्वजनिक घोषणा के लिए वाहन, पालकी साहिब, पंज प्यारे, नगाड़ा, रागी, डिजिटल संग्रहालय के साथ ही भक्त भी शामिल होते हैं।
हजारों श्रद्धालु धार्मिक उत्साह के साथ नगर कीर्तन में भाग ले रहे हैं।
मान ने कहा कि मानवता के लिए बलिदान देने वाले नौवें सिख गुरु की 350वीं शहादत की बरसी का यह अवसर ‘ऐतिहासिक’ है।
मान ने कहा कि श्रद्धालु भाग्यशाली हैं कि उन्हें अपने जीवनकाल में ऐतिहासिक कार्यक्रमों में भाग लेने का मौका मिला। उन्होंने लोगों से महान गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
आप नेताओं ने कहा कि गुरू साहिब का शांति, मानवता, प्रेम और भाईचारे का सार्वभौमिक संदेश समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य में प्रासंगिक बना हुआ है।
आप नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार महान गुरु को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य सरकार ने इसके लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।
आप के दोनों नेताओं (मान और केजरीवाल) ने कहा कि वे जम्मू कश्मीर में सिख समुदाय द्वारा प्रदर्शित भक्ति और समर्पण से बहुत प्रभावित हुए हैं तथा उन्होंने इस आयोजन को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को विशेष रूप से धन्यवाद दिया।
पंजाब सरकार नौवें सिख गुरु की शहादत की बरसी के अवसर पर विभिन्न राज्यों में कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
यह कार्यक्रम 25 अक्टूबर को दिल्ली में गुरुद्वारा शीशगंज साहिब से शुरू हुआ और दिल्ली के गुरुद्वारा श्री रकाबगंज साहिब में एक भव्य कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया।
भाषा यासिर