स्थानीय निकाय चुनाव: केरल में हैं 2.86 करोड़ मतदाता
राखी दिलीप
- 16 Nov 2025, 06:26 PM
- Updated: 06:26 PM
तिरुवंनतपुरम, 16 नवंबर (भाषा) केरल में स्थानीय निकाय चुनावों से पहले रविवार को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार राज्य में 2,86,62,712 मतदाता हैं।
कुल मतदाताओं में 1,35,16,923 पुरुष, 1,51,45,500 महिलाएं और 289 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
आयोग ने एक बयान में कहा कि ये आंकड़े पूरक मतदाता सूची को शामिल करने के बाद प्राप्त हुए हैं, जिसमें 2,66,679 मतदाता जोड़े गए तथा 34,745 मतदाता हटाए गए।
मतदाता सूची के अद्यतन आंकड़े केरल में 9 और 11 दिसंबर को होने वाले दो चरणों वाले स्थानीय निकाय चुनावों से पहले प्रकाशित किए गए।
निर्वाचन आयोग ने बताया है कि तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, कोट्टयम, अलाप्पुझा, इडुक्की और एर्नाकुलम जिलों में मतदान नौ दिसंबर को होगा।
त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, वायनाड, कोझीकोड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के मतदाता 11 दिसंबर को वोट डालेंगे। मतगणना 13 दिसंबर को होगी।
इस बीच, राज्य निर्वाचन आयुक्त ए शाहजहां ने रविवार को कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में कृत्रिम मेधा (एआई) का उपयोग करने वाले अभियानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने एक बयान में कहा कि आधुनिक प्रौद्योगिकियों के माध्यम से फर्जी तस्वीरें, ध्वनि संदेश और झूठी जानकारी तैयार करने तथा चुनाव अभियानों में उनके इस्तेमाल के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे।
आयुक्त ने कहा कि उम्मीदवारों, राजनीतिक दलों और प्रचारकों को अभियान की विश्वसनीयता और प्रतियोगिता में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इस पर पूरा ध्यान देना चाहिए।
आयुक्त ने यह सुनिश्चित करने के लिए सभी के सहयोग का भी आह्वान किया कि चुनाव प्रौद्योगिकी के दुरुपयोग के बिना निष्पक्ष रूप से संपन्न हों।
उन्होंने कहा कि डीपफेक वीडियो, ऑडियो, गलत सूचना, महिलाओं को बदनाम करने वाली सामग्री, दुष्प्रचार के लिए बच्चों का उपयोग और जानवरों के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देना पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
बयान में आगे कहा गया है कि विज्ञापन के लिए उपयोग की जाने वाली एआई या डिजिटल रूप से परिवर्तित सामग्री को स्पष्ट रूप से 'एआई जनित/डिजिटल रूप से संवर्धित'/ 'सिंथेटिक सामग्री' के रूप में लेबल किया जाना चाहिए।
आयोग ने यह भी निर्देश दिया कि राजनीतिक दल कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग करके तैयार की गई सभी अभियान सामग्रियों को आंतरिक रिकॉर्ड के रूप में रखें, जिसमें निर्माण की तारीख और निर्माता के बारे में जानकारी शामिल हो।
भाषा
राखी