केरल: वेणुगोपाल के ‘लड़कों की सरकार’ वाले बयान पर मंत्री शिवनकुट्टी का पलटवार
जोहेब अविनाश
- 03 Nov 2025, 02:50 PM
- Updated: 02:50 PM
कन्नूर/अलप्पुझा, तीन नवंबर (भाषा) केरल के शिक्षा मंत्री और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता वी. शिवनकु्टटी ने अगले साल विधानसभा चुनाव के बाद “लड़कों की सरकार” बनने संबंधी कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल के बयान पर पलटवार करते हुए सोमवार को कहा कि राज्य की वाम सरकार लड़कियों समेत सभी वर्गों की है।
रविवार को अलप्पुझा में कांग्रेस महासचिव (संगठन) वेणुगोपाल ने पांच साल पहले चुनाव घोषणापत्र में वादा किए जाने के बावजूद सामाजिक कल्याण पेंशन नहीं बढ़ाने को लेकर वामपंथी सरकार की आलोचना की थी। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव के बाद संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की सरकार बनने का दावा किया था।
पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की ओर से की गई घोषणा को लेकर एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा था कि सत्ता में पांच साल पूरे करने के बाद भी, वामपंथी सरकार ने पेंशन राशि में केवल 400 रुपये की वृद्धि की - और वह भी विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले।
वेणुगोपाल ने कहा, “वे पहले से जानते हैं कि किसकी सरकार बनेगी – यह लड़कों की सरकार, यूडीएफ सरकार होगी। चूंकि वह ये बात जानते हैं, इसलिए यह घोषणा केवल लोगों की आंखों में धूल झोंकने के लिए की गई है।”
शिवनकुट्टी ने सीधे वेणुगोपाल के बयान का उल्लेख किए बिना सोमवार को तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें वह कन्नूर जिले के चेरुथजम सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान एक लड़की को सांत्वना देते दिखाई दे रहे हैं, जो एक तस्वीर प्रस्तुत करने के बाद रोने लगी थी।
शिवनकुट्टी ने कहा, “ऐसे समय में जब लड़कियां ताज पहन रही हैं और (भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्वकप में जीत का संदर्भ देते हुए) दुनिया में चोटी पर पहुंच रही हैं, तो प्यारी निहारा तुम क्यों रो रही है?”
उन्होंने कहा, “मैंने उसे सांत्वना देते हुए पूछा कि 'तुम क्यों रो रही हो, बच्ची?'
शिवनकुट्टी ने कहा कि उन्होंने लड़की को पास बुलाया और जब तक उसके चेहरे पर मुस्कान नहीं आई, तब तक जाने नहीं दिया।
शिवनकुट्टी ने बताया कि उन्होंने उससे कहा, “प्यारी बच्ची, यह दुनिया लड़कियों की भी है। यह सरकार लड़कियों समेत सभी की है। ”
भाषा जोहेब