नरेंद्र मोहन स्मृति साहित्य सम्मान के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित
राजकुमार नेत्रपाल
- 23 Aug 2025, 05:35 PM
- Updated: 05:35 PM
नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) हिंदी अखबार ‘दैनिक जागरण’ ने अपने अभियान ‘हिंदी हैं हम’ के तहत पहले नरेंद्र मोहन स्मृति साहित्य सम्मान के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। यह पुस्तक लेखन और पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक साहित्यिक पुरस्कार है।
प्रकाशन ने कहा कि जिन लेखकों की साहित्यिक कृतियों ने 2024 में पठनीयता, गुणवत्ता और विषय के आधार पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है, उन्हें दैनिक जागरण के पूर्व प्रधान संपादक और लेखक नरेंद्र मोहन की स्मृति में पांच लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
इसने ‘हिंदी में असाधारण लेखन को मान्यता और प्रोत्साहन’ देने के लिए ‘दैनिक जागरण कृति सम्मान’ की भी घोषणा की है।
कृति सम्मान को तीन श्रेणियों -‘हिंदी बेस्टसेलर’, ‘उत्तम में सर्वोत्तम’ और ‘नवांकुर’ में विभाजित किया गया है। यह सम्मान इस अखबार की त्रैमासिक बेस्टसेलर सूची में से चुने गए लेखकों को दिया जाएगा, जिनमें हिंदी कथा साहित्य, गैर-कथा साहित्य, कविता और अनुवाद शामिल हैं।
दैनिक जागरण के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (ब्रांड एवं रणनीति) बसंत राठौर ने एक बयान में कहा, ‘‘यह अखबार हमेशा से हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के लिए समर्पित रहा है। दैनिक जागरण कृति सम्मान नामक इस पहल का उद्देश्य हिंदी में असाधारण लेखन को मान्यता देना और प्रोत्साहित करना है, विशेष रूप से उन लेखकों को जिनकी रचनाएं बेस्टसेलर सूची में शामिल हैं।’’
‘हिंदी बेस्टसेलर’ पुरस्कार उन लेखकों को दिया जाएगा जिनकी पुस्तकें पिछले वर्ष प्रत्येक तिमाही सूची में शीर्ष पर रही हैं। यह पुरस्कार कविता, गैर-कथा, अनुवाद और कथा साहित्य में दिया जाएगा।
‘उत्तम में सर्वोत्तम’ पुरस्कार कविता, अनुवाद, गैर-कथा और कथा साहित्य के उन लेखकों को दिया जाएगा जिनकी पुस्तकें पिछले वर्ष हर त्रैमासिक सूची में किसी भी स्थान पर रहीं।
‘नवांकुर’ पुरस्कार उस नए लेखक को दिया जाएगा जिसकी पुस्तक पिछले वर्ष प्रत्येक त्रैमासिक सूची में शामिल रही हो।
कृति सम्मान की तीनों श्रेणियों के विजेताओं को 50,000-50,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
प्रकाशक, लेखक और संस्थान अपनी रचनाएं विचारार्थ प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रस्तुतियां जमा करने की अंतिम तिथि सात सितंबर है।
भाषा राजकुमार