पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और तवडकर गोवा मंत्रिमंडल में शामिल होंगे; सेक्वेरा ने इस्तीफा दिया
प्रीति पवनेश
- 20 Aug 2025, 09:50 PM
- Updated: 09:50 PM
पणजी, 20 अगस्त (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और विधानसभा के वर्तमान अध्यक्ष रमेश तवडकर को बृहस्पतिवार को गोवा मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।
बुधवार देर शाम दिल्ली से लौटे सावंत ने यह घोषणा ऐसे समय में की जब मंत्री एलेक्सो सेक्वेरा ने कुछ घंटे पहले निजी कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था और इसके कुछ ही देर बाद तवडकर ने कहा था कि वह विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देंगे।
सावंत ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘दोनों (कामत और तवडकर) दोपहर 12 बजे राजभवन में शपथ लेंगे।’’
इससे पहले दिन में, गोवा के पर्यावरण, बंदरगाह, विधि एवं न्यायपालिका तथा विधायी मामलों के मंत्री एलेक्सो सेक्वेरा ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया।
मडगांव में पत्रकारों के सवाल पर कामत ने अप्रत्यक्ष रूप से इस बात की पुष्टि की कि वह मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा था, ‘‘कल राजभवन में मिलते हैं।’’
मडगांव से विधायक कामत ने 2007 से 2012 तक गोवा में कांग्रेस सरकार का नेतृत्व किया, उसके बाद राज्य चुनाव में मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व वाली भाजपा ने पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया। वर्ष 2022 में वह कुछ अन्य कांग्रेस विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे।
प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में पहले से ही एक पद रिक्त है क्योंकि कला एवं संस्कृति तथा खेल एवं युवा मामलों के मंत्री गोविंद गौड़े को जून में हटा दिया गया था।
मुख्यमंत्री सावंत को लिखे अपने त्यागपत्र में सेक्वेरा ने कहा कि व्यक्तिगत कारणों से उन्हें यह निर्णय लेने के लिए बाध्य होना पड़ा।
पत्र में कहा गया, ‘‘मैं इस अवसर पर आपको अपने नेतृत्व में सेवा करने का अवसर प्रदान करने के लिए धन्यवाद देता हूं। मैंने आवंटित विधि एवं न्यायपालिका, पर्यावरण, बंदरगाह और विधायी मामलों के विभागों में अपनी पूरी क्षमता से कार्य करने का प्रयास किया है।’’
कानकोन से विधायक तवडकर ने कहा कि वह विधानसभा अध्यक्ष के पद पर बने रहना चाहते हैं, लेकिन पार्टी के निर्देश पर वह इस्तीफा दे देंगे।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी चाहती है कि वह मंत्री बनें।
भाषा
प्रीति