राष्ट्रपति कार्यालय ने आरजी कर मामले की पीड़िता के परिवार को उसके मुद्दों पर गौर करने का भरोसा दिलाया
राजकुमार पारुल
- 15 Aug 2025, 12:33 AM
- Updated: 12:33 AM
कोलकाता, 14 अगस्त (भाषा) पिछले साल कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जिस प्रशिक्षु महिला चिकित्सक की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी, उसके पिता ने बृहस्पतिवार को कहा कि परिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यालय से एक ईमेल मिला है, जिसमें न्याय के लिए उनकी बार-बार की गई अपील को स्वीकार किया गया है।
परिवार संवैधानिक पदों पर आसीन हस्तियों को पत्र लिखकर जांच में हस्तक्षेप और कानूनी प्रक्रिया के दौरान सहयोग की मांग कर रहा है।
चिकित्सक के पिता ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘कई ईमेल भेजने के बाद, हमें आखिरकार आज शाम राष्ट्रपति कार्यालय से जवाब मिला। उन्होंने हमें सूचित किया है कि सचिव हमसे संपर्क करेंगे और हमारी समस्याओं को सुलझाने का प्रयास करेंगे।’’
इस बीच, पीड़िता के लिए न्याय की मांग को लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों और पश्चिम बंगाल में अन्य स्थानों पर हजारों लोग सड़कों पर उतर आए, जिनमें बड़ी संख्या में सभी आयु वर्ग की महिलाएं शामिल थीं।
पिछले साल नौ अगस्त को राज्य द्वारा संचालित आरजी कर अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक की कथित रूप से बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी।
प्रदर्शनकारी शहर भर के प्रमुख स्थानों पर एकत्रित हुए, जिनमें 8बी बस स्टैंड (जादवपुर), रूबी मोड़, सिंथी मोड़, ललित कला अकादमी, सियालदह, हाज़रा मोड़ और बैसनभघाटा, उत्तर 24 परगना के सोदपुर ट्रैफिक मोड़ और बारासात शामिल हैं।
कई लोगों के हाथों में मशालें थीं। लोगों ने मोबाइल फ्लैशलाइट भी जला रखी थी। यह प्रदर्शन पिछले साल इसी तारीख को हुए 'वीमेन रिक्लेम द नाइट' आंदोलन की याद दिलाता है।
प्रदर्शन में शामिल रिमझिम सिन्हा ने कहा, ‘‘एक सरकारी अस्पताल में हमारी बहन पर हुए क्रूर हमले को एक साल से ज़्यादा समय बीत चुका है। लेकिन एक को छोड़कर, किसी और की गिरफ़्तारी या दोषसिद्धि नहीं हुई है। इस अपराध के पीछे की बड़ी साज़िश का खुलासा राज्य पुलिस या सीबीआई द्वारा अभी तक नहीं किया जा सका है। हम हर महिला की सुरक्षा की मांग को लेकर सड़कों पर हैं, ताकि किसी के साथ बलात्कार, छेड़छाड़ या उत्पीड़न न हो।’’
सिन्हा ने एक साल पहले 14 अगस्त को 'वीमेन रिक्लेम द नाइट' अभियान का नेतृत्व किया था।
भाषा राजकुमार