23 जुलाई : मुंबई से नियमित रेडियो प्रसारण की शुरुआत
मनीषा
- 23 Jul 2026, 10:35 AM
- Updated: 10:35 AM
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) देश में आज रेडियो और टेलीविजन चैनलों की भरमार है लेकिन एक वक्त था जब समाचार और मनोरंजन का एकमात्र साधन रेडियो और दूरदर्शन ही हुआ करते थे। आकाशवाणी की स्थापना 1927 में 23 जुलाई के दिन की गई थी और उस समय इस सेवा का नाम भारतीय प्रसारण सेवा (इंडियन ब्राडकास्टिंग कारपोरेशन) रखा गया था।
देश में रेडियो प्रसारण की शुरुआत मुंबई और कोलकाता में 1927 में दो निजी ट्रांसमीटरों से की गई। 1930 में इसका राष्ट्रीयकरण हुआ और 1957 में इसका नाम बदल कर आकाशवाणी रखा गया।
प्रसार भारती (ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के नाम से भी जानते हैं) भारत की एक सार्वजनिक प्रसारण संस्था है। इसमें मुख्य रूप से दूरदर्शन एवं आकाशवाणी शामिल हैं।
सरकारी प्रसारण संस्थाओं को स्वायत्तता देने के इरादे से 23 नवंबर 1997 को प्रसार भारती का गठन किया गया, जो देश की एक सार्वजनिक प्रसारण संस्था है और इसमें मुख्य रूप से दूरदर्शन और आकाशवाणी को शामिल किया गया है।
पड़ोसन, गुमनाम, प्यार किए जा, भूत बंगला, बॉम्बे टू गोवा, सबसे बड़ा रूपैया, पत्थर के सनम, अनोखी अदा, नीला आकाश, नील कमल, कुँवारा बाप सहित 300 से अधिक फिल्मों में अपने अभिनय की छा़प छोड़ने वाले प्रख्यात हास्य कलाकार महमूद ने 23 जुलाई 2004 को अंतिम श्वांस ली।
23 जुलाई 2016 को, 20वीं सदी के अग्रणी भारतीय अमूर्त कलाकारों में से एक सैयद हैदर रज़ा (एस.एच. रज़ा) का निधन हो गया। पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित रजा को फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'द लीजन ऑफ ऑनर' भी प्राप्त हुआ था। उनकी ऐतिहासिक पेंटिंग "सौराष्ट्र" ने जून 2010 में क्रिस्टीज़ नीलामी में लगभग 16.42 करोड़ रुपये में बिककर एक नया रिकॉर्ड बनाया था।
देश दुनिया के इतिहास में 23 जुलाई की तारीख पर दर्ज अन्य घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1555 : सरहिंद में सिकन्दर सूरी को हराकर मुगल बादशाह हुमायूं दिल्ली पहुंचे।
1829 : अमेरिका के विलियम ऑस्टिन बर्ट ने टाइपोग्राफ का पेटेंट कराया, जिससे बाद में टाइपराइटर का विकास हुआ।
1877 : हवाई में पहली टेलीफोन और टेलीग्राफ लाईन बिछायी गयी।
1881 : अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक संघ ने खेल परिसंघ की स्थापना की। यह विश्व का सबसे पुराना खेल परिसंघ है।
1903 : मोटर कंपनी फोर्ड ने अपनी पहली कार बेची।
1920 : ब्रिटेन के कब्जे वाले पूर्वी अफ्रीका का नामकरण केन्या किया गया और इसे ब्रिटिश उपनिवेश बना दिया गया।
1927 : बम्बई से रेडियो सेवा का नियमित प्रसारण शुरू हुआ।
1974 : यूनान में सैन्य शासन का अंत और पूर्व प्रधानमंत्री कौन्सटैनटिन कारमनालिस को दोबारा सत्ता संभालने का न्योता दिया गया।
2001 : मेघावती सुकर्णोपुत्री इंडोनेशिया की राष्ट्रपति बनीं।
2004 : हिंदी फिल्मों के प्रख्यात हास्य कलाकार महमूद का निधन ।
2005 : मिस्र के शर्म-अल-शेख के रिजॉर्ट में हुए बम धमाकों में 88 लोग मारे गए।
2012 : इराक में सिलसिलेवार हमलों में 103 लोग मारे गए। इसी दिन स्वतंत्रता सेनानी, सामाजिक कार्यकर्ता और इंडियन नेशनल आर्मी (आईएनए) की पहली महिला कमांडर लक्ष्मी सहगल का निधन हो गया।
2016 : 20वीं सदी के अग्रणी भारतीय अमूर्त कलाकारों में से एक सैयद हैदर रज़ा (एस.एच. रज़ा) का निधन।
2019 : यूरोपीय संघ से अलग होने के मुद्दे पर ब्रिटेन में जारी राजनीतिक अनिश्चितता के बीच बोरिस जॉनसन देश के नए प्रधानमंत्री चुने गए।
2024 : इथियोपिया के एक दूरस्थ क्षेत्र में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 157 लोगों की मौत ।
2025 : संयुक्त राष्ट्र की शीर्ष अदालत ने जलवायु परिवर्तन से निपटने पर एक ऐतिहासिक निर्णय में कहा कि ''स्वच्छ, स्वस्थ और टिकाऊ पर्यावरण'' एक मानवाधिकार है। अदालत ने जलवायु परिवर्तन पर राष्ट्रों के दायित्वों और ऐसा न करने पर उनके द्वारा सामना किए जाने वाले परिणामों से जुड़े एक ऐतिहासिक मुकदमे में यह फैसला सुनाया।
भाषा मनीषा
मनीषा
2307 1035 दिल्ली