सरकार वर्तमान की बात करना छोड़ अब 2047 के सपने बेच रही है : राहुल गांधी
आशीष रंजन
- 09 Jun 2025, 09:02 PM
- Updated: 09:02 PM
(फाइल फोटो सहित)
नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 11 साल में कोई जवाबदेही नहीं बल्कि सिर्फ प्रचार हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार वर्तमान के बारे में बात करना छोड़ अब 2047 के सपने बेच रही है।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भीड़भाड़ वाली लोकल ट्रेन से गिरकर चार यात्रियों की मौत और नौ के घायल होने की घटना के बाद राहुल गांधी ने सरकार पर यह हमला किया है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘जब मोदी सरकार 11 साल की ‘सेवा’ का जश्न मना रही है, तब देश की हकीकत मुंबई से आ रही दर्दनाक खबर में दिखती है- ट्रेन से गिरकर कई लोगों की मौत।’’
उन्होंने कहा कि भारतीय रेल करोड़ों की जिंदगी की रीढ़ है, लेकिन आज यह असुरक्षा, भीड़ और अव्यवस्था की प्रतीक बन चुकी है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मोदी सरकार के 11 साल में न जवाबदेही, न बदलाव, सिर्फ प्रचार हुआ है। सरकार 2025 पर बात करना छोड़, अब 2047 के सपने बेच रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘देश आज क्या झेल रहा है, ये कौन देखेगा? मैं मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
एक अन्य पोस्ट में, उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 19 साल के पंकज प्रजापति को सिर्फ इसलिए सरेआम गोली मार दी गई क्योंकि उन्होंने दलित होकर अपने हिस्से का हक मांगा।
राहुल ने कहा, ‘‘प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई, पोस्टमार्टम टाल दिया गया क्योंकि गुनहगार नेता सत्ता की गोद में बैठा है और सत्ता मनुवादी और बहुजन विरोधी भाजपा की है।’’
कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘मोदी सरकार के 11 साल- दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के लिए अपमान, हिंसा और भेदभाव से भरे रहे हैं। इन्हें संस्थागत रूप से दोयम दर्जे का नागरिक बनाने और मुख्यधारा से दूर रखने की साजिश लगातार जारी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी हो, और उन्हें कड़ी से कड़ी सज़ा दिलाई जाए। मैं प्रजापति परिवार और देश के हर बहुजन के साथ खड़ा हूं। यह लड़ाई सम्मान, न्याय और बराबरी की है और हम ये लड़ाई हर हाल में जीतेंगे।’’
भाषा आशीष