बीएसएफ पंजाब में पाकिस्तान से लगी सीमा के पास आईईडी की खोजबीन के लिए बड़ा अभियान चलाएगी
संतोष माधव
- 10 Apr 2025, 06:57 PM
- Updated: 06:57 PM
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने कहा है कि वह पंजाब में पाकिस्तान से लगी सैकड़ों किलोमीटर लंबी सीमा के पास आईईडी विस्फोटकों की खोजबीन के लिए बड़ा अभियान चलाएगी। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को कहा कि बीएसएफ ने यह फैसला पहली बार इस तरह के एक बम विस्फोट में एक जवान के घायल होने के बाद किया।
बल ने हाल ही में अपने पंजाब फ्रंटियर, जिसका मुख्यालय जालंधर में है, के अंतर्गत आने वाले कुल 553 किलोमीटर में से लगभग 20.3 किलोमीटर के अधिकार क्षेत्र को पड़ोसी जम्मू फ्रंटियर को सौंप दिया है, ताकि पंजाब में पठानकोट के नदी क्षेत्रों में "बेहतर सुरक्षा समन्वय" हो सके।
पठानकोट जम्मू से सटा हुआ है। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा 2,289 किलोमीटर लंबी है जो उत्तर में जम्मू से लेकर पश्चिम में पंजाब, राजस्थान और गुजरात तक फैली हुई है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को इसकी सुरक्षा का काम सौंपा गया है।
इसका जम्मू फ्रंटियर जम्मू-कश्मीर के साथ नियंत्रण रेखा (एलओसी) के 40 किलोमीटर के अलावा 191.66 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा की रक्षा करता है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘गुरदासपुर जिले में बुधवार को बाड़ के आगे एक खेत से दो ऐसे बम बरामद होने की घटना के बाद पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र में संभावित ‘परिष्कृत विस्फोटक उपकरण’ (आईईडी) की खोजबीन के लिए बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिस स्थान पर आईईडी (एक तरह का विस्फोटक पदार्थ) पाया गया था, वहां पहले से ही तोड़फोड़ रोधी जांच की जा रही है।’’
एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि, ‘‘पुलिस ने विस्फोटक बरामद किया है।" अधिकारियों ने कहा कि यह पहली बार है जब इस रणनीतिक और संवेदनशील सीमा पर आईईडी बरामद किया गया है। इस सीमा पर मादक पदार्थ और हथियार ले जाने वाले पाकिस्तानी ड्रोन और आतंकवादियों द्वारा घुसपैठ किये जाने की आशंका अधिक रहती है।
अधिकारियों के अनुसार, पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा के 532 किलोमीटर में से लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा खेती योग्य है और किसान वहां खेती करने के लिए पहुंचते हैं।
बीएसएफ ने पंजाब सीमा पर पिछले साल 200 से अधिक ड्रोन जब्त किये थे, जबकि वर्ष 2023 में जब्ती की यह संख्या 107 थी।
इस साल अब तक 60 ड्रोन जब्त किये गये हैं।
भाषा संतोष