मोदी से संबंधित टिप्पणी को लेकर आक्रोशित हुए अन्नामलाई ने उदयनिधि स्टालिन की चुनौती स्वीकार की
जोहेब प्रशांत
- 20 Feb 2025, 08:05 PM
- Updated: 08:05 PM
चेन्नई, 20 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख के. अन्नामलाई और राज्य के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन के बीच ‘गेट आउट मोदी’ टिप्पणी को लेकर राजनीतिक जुबानी जंग बृहस्पतिवार को भी जारी रही और अन्नामलाई ने स्टालिन को यहां अन्ना सलाई में “दम दिखाने” के लिए तारीख और समय बताने की चुनौती दी।
अन्नामलाई ने उपमुख्यमंत्री से कहा कि वह जगह का नाम अस्पष्ट रूप से बताने के बजाय ज्यादा सटीक जानकारी दें।
तमिलनाडु के सलेम में उदयनिधि की चुनौती के बारे में पूछे जाने पर अन्नामलाई ने पत्रकारों से कहा, “मुझे तारीख और समय बताइए, और मैं वहां अकेले आऊंगा। द्रमुक और पुलिस बल अगर मुझे रोकने की कोशिश कर सकती है तो करके दिखाए।"
इससे पहले दिन में यहां एक संवाददाता के सवाल का जवाब देते हुए उदयनिधि ने कहा कि अगर अन्नामलाई में हिम्मत है तो उन्हें अन्ना सलाई (जहां द्रमुक मुख्यालय स्थित है) आना चाहिए।
उदयनिधि ने कहा, “उनसे आने को कहिए। सबसे पहले, अगर उनमें हिम्मत है तो वह अन्ना सलाई आएं। यह उदयनिधि और अन्नामलाई के बीच का मुद्दा नहीं है। अगर वह ऐसा कर सकते हैं तो उनसे तमिलनाडु के लिए फंड लाने के लिए कहा जाए। वह राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) और त्रिभाषा नीति के मुद्दे से ध्यान भटका रहे हैं।”
अन्नामलाई ने कहा, “उदयनिधि ने चेन्नई में एक रैली को संबोधित करते हुए 'गेट आउट मोदी' शब्दों का इस्तेमाल किया था। हिम्मत है तो वह हमारे विश्व नेता के लिए एक बार फिर यह शब्द बोलकर दिखाएं। फिर मैं शुक्रवार को सुबह छह बजे अपने सोशल मीडिया हैंडल पर 'गेट आउट स्टालिन' लिखूंगा।”
यह मुद्दा 18 फरवरी को शुरू हुआ जब उपमुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) और तीन भाषा नीति के खिलाफ द्रमुक की एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर केंद्र ने राज्य के अधिकारों को छीनने का कोई प्रयास किया तो जनता ' गेट आउट मोदी' अभियान शुरू करेगी।
उदयनिधि ने कहा था, “पिछली बार जब आपने तमिलों के अधिकारों को छीनने का प्रयास किया था, तो लोगों ने 'मोदी वापस जाओ' अभियान चलाया था। यदि आप तमिलनाडु के लोगों के साथ फिर से ऐसा करने का प्रयास करेंगे, तो इस बार आपके खिलाफ 'गेट आउट मोदी' अभियान चलाया जाएगा।”
भाषा जोहेब