महिलाओं, बच्चों के मुद्दों के समाधान के लिए हितधारकों की सामूहिक कार्रवाई जरूरी: सावित्री ठाकुर
अमित सुरेश
- 19 Jan 2025, 08:52 PM
- Updated: 08:52 PM
ईटानगर, 19 जनवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने रविवार को महिलाओं और बच्चों के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करने और समाज के सभी वर्गों के लिए समग्र विकास सुनिश्चित करने के वास्ते सामूहिक कार्रवाई और हितधारकों के बीच निरंतर सहयोग का आह्वान किया।
अरुणाचल प्रदेश के तीन-दिवसीय दौरे पर आयीं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री ठाकुर ने अपर सुबनसिरी जिले के दापोरिजो में जारी कई परियोजनाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों और सामुदायिक नेताओं के साथ बातचीत करते हुए जिले में विभिन्न सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के प्रयासों की सराहना की।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मंत्री का सुदूर जिले का दौरा समावेशी विकास को बढ़ावा देने, महिलाओं को सशक्त बनाने और विशेष रूप से दूरदराज के क्षेत्रों में बच्चों के कल्याण को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
दिन के दौरान, ठाकुर ने दापोरिजो में वन स्टॉप सेंटर (ओएससी) का भी निरीक्षण किया, जो संकट में महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सहायता प्रणाली है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण सुनिश्चित करने में ऐसी सुविधाओं के महत्व पर प्रकाश डाला, खासकर दूरदराज के क्षेत्रों में।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि ठाकुर ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत आवास परियोजनाओं के क्रियान्वयन और सिकारिजो गांव में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत उठाए गए कदमों का भी आकलन किया।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि ये परियोजनाएं ग्रामीण बुनियादी ढांचे को बढ़ाने, रहने की स्थिति में सुधार करने और स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के सरकार के बड़े प्रयास का हिस्सा हैं।
मंत्री ने बेलो गांव में आंगनवाड़ी केंद्र का दौरा भी किया, जहां उन्होंने बच्चों के भविष्य के लिए एक मजबूत नींव बनाने में प्रारंभिक बचपन की देखभाल, शिक्षा और पोषण के महत्व पर जोर दिया।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने छोटे बच्चों के लिए व्यापक विकास सुनिश्चित करने के लिए ऐसे केंद्रों, खासकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में निरंतर निवेश की आवश्यकता को रेखांकित किया।
इसके बाद ठाकुर ने जिला संग्रहालय और दापोरिजो में शिल्प एवं हथकरघा केंद्र का दौरा किया।
भाषा
अमित