आवक घटने के बीच अधिकांश तेल-तिलहन में सुधार
राजेश राजेश अजय
- 22 Apr 2025, 08:36 PM
- Updated: 08:36 PM
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) मंडियों में आवक घटने के बीच देश के तेल-तिलहन बाजार में मंगलवार को अधिकांश तेल-तिलहन (सरसों एवं सोयाबीन तेल-तिलहन, कच्चा पाम तेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल) कीमतों में सुधार आया। हाजिर दाम कमजोर बने रहने और सस्ते दाम पर किसानों द्वारा बिकवाली कम करने जैसी परिस्थितियों के बीच मूंगफली तेल-तिलहन पूर्वस्तर पर बंद हुए।
शिकॉगो एक्सचेंज में रात भी सुधार था और अभी भी वहां सुधार का रुख है। मलेशिया एक्सचेंज में भी सुधार है।
बाजार सूत्रों ने कहा कि मंडियों में सरसों की आवक कम है जबकि इसकी मांग बढ़ी है। यह सरसों तेल-तिलहन में सुधार का मुख्य कारण है।
उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा नीचे भाव पर बिकवाली करने से बचने के कारण मंडियों में सोयाबीन की आवक कम हैं। वैसे नेफेड अलग-अलग स्थानों पर गुणवत्ता के आधार पर 4,325-4,550 रुपये क्विंटल के बीच भिन्न कीमतों पर सोयाबीन की बिक्री कर रहा है। सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 4,892 रुपये प्रति क्विंटल है।
सूत्रों ने कहा कि लगभग छह दिन की गिरावट के बाद, संभवत: सटोरिया गतिविधियों की वजह से मलेशिया में 1-1.5 प्रतिशत का सुधार है और इस कारण यहां पाम-पामोलीन तेल के दाम में सामान्य सुधार देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि कम उपलब्धता के बीच बिनौला तेल के दाम में भी सुधार है।
एमएसपी से काफी कम हाजिर दाम रहने और बुवाई का मौसम नजदीक रहने के बीच किसानों की ओर से मंडियों में मूंगफली की भी कम आवक हो रही है। इस परिस्थिति के बीच मूंगफली तेल-तिलहन के दाम स्थिर बने रहे।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन - 6,275-6,375 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली - 5,725-6,100 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) - 14,150 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल - 2,245-2,545 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 13,000 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,350-2,450 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,350-2,475 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 13,500 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 13,350 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 9,425 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 12,150 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 13,400 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 13,600 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 12,400 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना - 4,575-4,625 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 4,275-4,325 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश