अयोध्या राम मंदिर में श्रद्धालुओं के दान-चढ़ावे की निगरानी सख्त हुई
आशीष
- 31 Jul 2026, 04:52 PM
- Updated: 04:52 PM
अयोध्या (उप्र), 31 जुलाई (भाषा) राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की जांच के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने श्रद्धालुओं के दान-चढ़ावे की निगरानी सख्त कर दी है तथा संग्रह के हर चरण और गिनती की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। न्यास के महंत दिनेन्द्र दास ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
दास ने बताया कि 25 जुलाई से नयी व्यवस्था लागू की गई है जिसमें दान के रखरखाव की पूरी शृंखला - दान पेटियों को खाली करने से लेकर गणना कक्ष तक में गिनती और आगे की प्रक्रिया सतत कैमरे की निगरानी में संपन्न कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इसके लिए आठ सदस्यीय निगरानी टीम तैनात की गई है और हर जगह इस प्रक्रिया को रिकॉर्ड किया जा रहा है। मंदिर परिसर में स्थापित करीब 40 दान पेटियां एक बार में खाली करने के बजाय अलग अलग दिनों में खाली की जा रही हैं।
दास ने कहा, "दान पेटी खाली करने से पूर्व गणना कक्ष से खाली पेटी लाने, उसे रखने और सीलबंद पेटी को गणना कक्ष में ले जाने की संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाती है। इसके लिए दो पेशेवर वीडियोग्राफर तैनात किए गए हैं।"
उन्होंने कहा, "वहीं निगरानी टीम में दो बैंक कर्मचारी, न्यास के दो प्रतिनिधि, दो निजी सुरक्षा कर्मी और अन्य कर्मचारी शामिल हैं। दान से भरी पेटी जब गणना कक्ष में पहुंचाई जाती है तो भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी उस पर सील लगाते हैं जिससे यह प्रक्रिया अधिक विश्वसनीय बन जाती है।"
उन्होंने कहा, ''दान की गणना वाले कक्ष में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अब राम मंदिर में एक पैसा भी इधर से उधर नहीं जा सकता...सबकुछ सुरक्षित है। न्यास आगे भी इस व्यवस्था में सुधार करना जारी रखेगा।''
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन सख्त हो जाए तो चोरी अपने आप रुक जाएगी।
न्यास में हाल ही में हुए बदलाव पर दास ने कहा कि न्यास की बैठक में लिए गए सभी निर्णय सभी को स्वीकार होंगे। उन्होंने कहा कि सावन मास में झूला उत्सव सहित धार्मिक परंपराएं पूर्व की तरह जारी रहेंगी।
राम मंदिर में चढावे की कथित चोरी की घटना के बाद विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी कई लोगों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है।
भाषा सं राजेंद्र आशीष
आशीष
आशीष
3107 1652 अयोध्या