एनसीडब्ल्यू ने टीसीएस नासिक में यौन उत्पीड़न की कथित घटनाओं की जांच के वास्ते समिति गठित की
खारी
- 15 Apr 2026, 10:56 PM
- Updated: 10:56 PM
(दूसरे व चौथे पैरा में तारीख सुधारते हुए)
नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने बुधवार को कहा कि उसने महाराष्ट्र के नासिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की एक बीपीओ इकाई में कर्मचारियों के साथ यौन उत्पीड़न की कथित घटनाओं की जांच के लिए एक तथ्य-अन्वेषण समिति का गठन किया है।
आयोग ने एक बयान में कहा कि समिति 18 अप्रैल को घटनास्थल का दौरा करेगी ताकि घटना के कारणों की जांच की जा सके और अधिकारियों की प्रतिक्रिया का आकलन किया जा सके।
बयान में कहा गया है, ''राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने महाराष्ट्र के नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की बीपीओ इकाई में महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न की कथित घटनाओं से संबंधित मीडिया की खबरों का स्वतः संज्ञान लिया है।''
इसमें कहा गया है, ''मामले को गंभीरता से लेते हुए, आयोग ने राष्ट्रीय महिला आयोग अधिनियम, 1990 की धारा 8 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए घटना की विस्तृत जांच करने के लिए एक तथ्य-अन्वेषण समिति का गठन किया है। समिति 18 अप्रैल को घटनास्थल का दौरा करेगी।''
आयोग ने कहा कि धार्मिक रीति-रिवाजों से संबंधित एक शिकायत के आधार पर शुरू हुई प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आए आरोपों में पर्यवेक्षी पदों पर आसीन कुछ व्यक्तियों द्वारा महिला कर्मचारियों के यौन उत्पीड़न, बलात्कार और जबरन धर्मांतरण के प्रयासों के दावे शामिल हैं।
इस समिति में बम्बई उच्च न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायाधीश साधना जाधव, हरियाणा के पूर्व डीजीपी बी के सिन्हा, उच्चतम न्यायालय की वकील मोनिका अरोड़ा और एनसीडब्ल्यू की वरिष्ठ समन्वयक लीलाबती शामिल हैं।
समिति को पीड़ितों, पुलिस अधिकारियों, कंपनी प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों के साथ बातचीत करने, यदि कोई चूक हो तो उसकी पहचान करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की सिफारिश करने का कार्य सौंपा गया है।
समिति इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने और महिलाओं के लिए कार्यस्थल पर सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए उपायों का सुझाव भी देगी।
बयान में कहा गया है कि समिति को 10 कार्य दिवसों के भीतर एनसीडब्ल्यू को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है, जिसके बाद वह अपने निष्कर्ष पेश करेगी।
भाषा देवेंद्र माधव
माधव खारी
खारी
1504 2256 दिल्ली